नई दिल्ली। युद्ध के लिए भारत की तैयारी जरूरत से कम है और सरकार को विशेषतौर पर पाकिस्तान से जुड़ी अपनी नीति के संबंध में इस पर गौर करने की जरूरत है। ‘इकनॉमिक टाइम्स’ ने यह निष्कर्ष सशस्त्र बलों और डिफेंस रिसर्च से जुड़े कई विशेषज्ञों, सेना के मौजूदा और रिटायर्ड अधिकारियों से इस बारे में बात करने बाद निकाला है। इनमें से अधिकतर का कहना था कि सेना को असॉल्ट राइफल, कार्बाइन और आर्टिलरी गन जैसे बेसिक आइटम्स की जरूरत है।
इसके साथ ही उसे एयर डिफेंस गन और एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम्स जैसे हाई-एंड वेपन भी चाहिए। इन्हें खरीदने की प्रक्रिया में काफी देरी हो रही है। रक्षा मंत्रालय सेना के आधुनिकीकरण के लिए पूरे बजट को खर्च करने में नाकाम रही है। इस वजह से 2016-17 के बजट में बजट आवंटन में कमी की गई थी। गोला-बारूद की पर्याप्त सप्लाई नहीं होने को लेकर भी चिंता है। सेना के सूत्रों का कहना है कि सप्लाई के मौजूदा स्तर के मद्देनजर सेना कुछ दिनों तक ही दुश्मन का सामना कर सकती है। नए ऑर्डर जारी किए गए हैं, लेकिन भारत को इसके लिए बेहतर स्थिति में होना चाहिए।