khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 11:09 AM (IST)
आगरा। ताजनगरी कोहरे की चादर में पूरी तरह से ढक चुकी है। शहर में
वाहन रैंग- रैंगकर चल रहे हैं वहीं ट्रेनें और उड़ाने कई घंटे देरी से चल रही हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो दिन शहर में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी जिसके
चलते स्कूलों में पांच जनवरी तक छुट्टियां कर दी गई है।
नए साल से आगरा में हाड कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है और घना कोहरा
छाया हुआ है। मंगलवार को दोपहर में हल्की धूप निकलने के बाद रात आठ बजे से वापस कोहरा
छाने लगा। रात नौ बजे तक कोहरे की घनी चादर में दृश्यता शून्य हो गई जिसके कारण हाईवे
पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया। ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म
पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दृश्यता शून्य होने के कारण बसें सड़कों पर दौड़ने
की जगह रेंग रही हैं। आगरा लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर दर्ज
किया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 16.7 और न्यूनतम 9.2 डिग्री
सेल्सियस रहा। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान में आगरा दूसरे नंबर पर
रहा।