नारनौल। मंडी अटेली कस्बे के सलीमपुर गांव में डिपो होल्डर की ओर से राशन वितरण में की गई धांधली की शिकायत के बाद मंगलवार को तहसीलदार ने गांव में जाकर सभी की समस्याएं सुनी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सलीमपुर के हनुमान ने जिला प्रशासन को शिकायत दी थी कि डिपो होल्डर ने राशन बांटते समय भारी धांधली बरती है। राशन वास्तव में वितरण नहीं किया गया और राशन कार्ड में चढ़ा दिया गया। शिकायत की जांच तहसीलदार को सौंपने के बाद तहसीलदार ने मंगलवार को गांव में जाकर जांच की और लोगों से भी जानकारी ली। जांच में बहुत से लोगों ने बयान दिए कि उनको राशन नहीं मिला। जबकि उनके राशन कार्ड में राशन चढ़ा दिया गया। शिकायत सुनने के बाद तहसीलदार ने डिपो होल्डर का पक्ष सुनने के लिए उन्हें 13 अक्टूबर को कार्यालय में पहुंच अपना पक्ष रखने का समय दिया है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद तहसीलदार इस मामले में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप देंगे।