बाड़मेर। पौधारोपण से धरती का श्रृंगार होता है और खुशहाली आती है। ऐसे में इससे बेहतरीन कोई कार्य हो ही नहीं सकता। युवा वर्ग को इस दिशा में आगे आकर कार्य करना चाहिए। ये कहना है पीडब्ल्यूडी के पूर्व अतिरिक्त मुख्य अभियंता और अपना संस्थान के बाड़मेर-जैसलमेर संयोजक ताराचंद जाटोल का। वे सोमवार को राणीगांव के नजदीक मोहनपुरी के धूणा स्थल पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान तारातरा मठ के महंत स्वामी प्रतापपुरी ने पौधरारोपण का बीड़ा उठाने वाले समाजसेवियों और युवा वर्ग को साधुवाद देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यह तय कर ले कि अपने खेत खलिहान, घर के आस पास पौधारोपण करेंगे। तो हर ओर खुशहाली ही खुशहाली होगी। इस दौरान पूर्व नगर निगम के आयुक्त ताराचंद गोसाई, भाजपा के नगर अध्यक्ष मोहनलाल कुर्डिया, डिस्काॅम के वरिष्ठ अकाउण्टेंट ऑफिसर श्रीकांत फुलवारी ने भी पौधारोपण किया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कूंपसिंह राजपूत, चंदनसिंह राव, सिमरथाराम रायका, पदमाराम रायका, महादेव, नखताराम, सुखसिंह राजपूत, तुलससिंह राजपुरोहित सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।