नई दिल्ली। इंडिगो की चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड कर रही फ्लाइट में एक यात्री
के गैलेक्सी नोट-2 में आग लग गई। बताया जा रहा है कि ये जहाज के ओवरहेड
बिन में रखा था जहां पैसेंजर अपने हैंड बैग वगैरह रखते हैं।
डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह 7.45 बजे इस फोन से आग और धुआं निकला
और इस मुद्दे पर हमने सैमसंग के अधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया है।
डीजीसीए ने तत्काल प्रभाव से विमान में
सैमसंग के नोट सीरीज के किसी भी फोन के विमान में इस्तेमाल या चार्जिंग पर
प्रतिबंध लगा दिया है। इंडिगो ने बताया कि उड़ान 6 ई-054
के शुक्रवार सुबह चेन्नई में उतरते समय यात्रियों को केबिन में कुछ जलने की
बदबू आई। उन्होंने तुरंत केबिन क्रू को इसकी जानकारी दी। क्रू ने पाया कि
सीट संख्या 23 सी के ऊपर सामान रखने के पैनल से धुआं निकल रहा है। पायलट ने
इसके बारे में एटीसी को जानकारी दी तथा केबिन क्रू ने इस बीच पाया कि एक
बैग में रखे सैमसंग नोट-2 से धुआं निकल रहा है। उन्होंने नीचे की सीट से
यात्रियों को दूसरी सीट पर हटाकर आग बुझाई और किसी बड़े हादसे को तत्काल
टाल दिया।