Multi-crore NHM Budget Scam : Case Registered Against CMHO Dr. Kharadi and Deputy CMHO Following BJP Media In-charge Complaint; Investigation Underway-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

NHM बजट में करोड़ों का घोटाला : BJP मीडिया प्रभारी की शिकायत पर CMHO डॉ. खराड़ी और डिप्टी CMHO पर मामला दर्ज, जांच शुरू

khaskhabar.com: शनिवार, 06 जून 2026 09:48 AM (IST)
NHM बजट में करोड़ों का घोटाला : BJP मीडिया प्रभारी की शिकायत पर CMHO डॉ. खराड़ी और डिप्टी CMHO पर मामला दर्ज, जांच शुरू
सिरोही। सिरोही जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के बजट में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय जयपुर ने सिरोही के सीएमएचओ (CMHO) डॉ. दिनेश खराड़ी, डिप्टी सीएमएचओ सत्यप्रकाश शर्मा और अन्य के खिलाफ औपचारिक मामला दर्ज कर लिया है. एसीबी में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के इन आला अधिकारियों पर एनएचएम (NHM) बजट में भारी वित्तीय अनियमितताएं बरतने, टेंडर प्रक्रियाओं में खुलेआम हेरफेर करने, विभाग के लिए अनावश्यक खरीददारी करने और अपने प्रशासनिक पदों का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगे हैं. इसके अलावा, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत मरीजों की जरूरी जांचें नहीं की जा रही हैं, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के प्रति घोर लापरवाही बरती गई है. एसीबी मुख्यालय जयपुर ने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए परिवाद दर्ज कर लिया है और प्रमुख सचिव (चिकित्सा विभाग, जयपुर) को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं.
दूसरी ओर, मीडिया प्रभारी रोहित खत्री की शिकायत पर सिरोही जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने भी त्वरित एक्शन लिया है. कलेक्टर ने एनएचएम बजट में कथित घोटाले और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने के आरोपों की विस्तार से जांच करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है, जिसने मौके पर अपनी जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव स्तर पर भी शिकायतें भेजी गई हैं, जिनकी जांच वर्तमान में जारी है.
शिकायतकर्ता और विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता समूहों का आरोप है कि इन अधिकारियों पर पहले भी भ्रष्टाचार, संदिग्ध खरीद प्रक्रियाओं और विभागीय संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप लगते रहे हैं. इसके साथ ही, इन पर क्षेत्र के झोलाछाप चिकित्सकों और मिलावटी खाद्य पदार्थों का धंधा करने वाले व्यापारियों से कथित रूप से मासिक अवैध वसूली करने तथा जिलास्तरीय अधिकारियों को आवंटित सरकारी वाहनों का अपने व्यक्तिगत कार्यों में उपयोग करने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता के अनुसार, अब तक अपने प्रभावशाली पदों के कारण ये अधिकारी किसी भी निष्पक्ष जांच से बचते आ रहे थे.
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी का पक्ष : इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि शिकायतकर्ता रोहित खत्री ने पिछले एक साल के दौरान उनके और डिप्टी सीएमएचओ के खिलाफ कई बार शिकायतें की हैं. डॉ. खराड़ी का दावा है कि जब भी किसी जांच में विभाग सही पाया जाता है, तो शिकायतकर्ता तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर किसी अन्य अधिकारी के पास नई शिकायत भेज देता है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केवल व्यक्तिगत लाभ के लिए अधिकारियों को टारगेट करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, और उन्होंने सरकार से रोहित खत्री के खिलाफ ही कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निवेदन किया है.

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement