khaskhabar.com: गुरुवार, 11 अगस्त 2016 10:30 PM (IST)
बाड़मेर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं डब्ल्यूएसपी के सहयोग से जिला स्तरीय संदर्भ समूह के प्रशिक्षण के दौरान विशाला एवं भादरेस में समुदाय को खुले में शौच बंद करने के लिए समुदाय स्वचालित संपूर्ण स्वच्छता विधि से प्रेरित किया गया। साथ ही ग्राम स्तर पर एक-एक निगरानी दल बनाए गए। ये दल प्रतिदिन खुले में शौच जाने वाले लोगो को इससे होने वाली बीमारियों के बारे में एवं महिलाओं के सम्मान के लिए समुदाय को जागरूक कर ग्राम पंचायत को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान आमजन ने निर्णय लिया कि वे अपनी ग्राम पंचायतों को खुले में शौच से मुक्त करवाकर ओडीएफ ग्राम पंचायत घोषित करवाएंगे।
जिला संदर्भ समूह के प्रशिक्षार्थियों को फील्ड विजिट के दौरान समुदाय संचालित संपूर्ण स्वच्छता गतिविधियों के टूल्स से अवगत कराया गया। इन टूल्स का उपयोग जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में डीआरजी के माध्यम से प्रभावी रूप से किया जाएगा।
इस दौरान विकास अधिकारी नवलाराम चौधरी, जिला परियोजना समन्वयक पुष्पेन्द्रसिंह सोढा, डब्ल्यूएसपी के चेतन अत्रे, रमेश अग्रवाल, प्रदीप श्रीवास्तव, पंचायत प्रसार अधिकारी ओंकारदान, ब्लाक मोटिवेटर गोविन्दसिंह, सरपंच दीपसिंह समेत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं प्रेरकों तथा गणमान्य लोग मौजूद थे। इसी तरह राणीगांव ग्राम पंचायत में भी फील्ड विजिट के दौरान टिंगरिग एवं मॉनिटरिंग फालोअप के माध्यम से समुदाय को खुले में शौच बंद करने के लिए समुदाय स्वचालित संपूर्ण स्वच्छता विधि से प्रेरित किया गया।