Massive Explosion at Firecracker Factory on Prayagraj-Kaushambi Border; 5 Dead (Including 2 Children), 15 Injured-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 13, 2026 6:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 बच्चों समेत 5 की मौत; 15 झुलसे

khaskhabar.com: सोमवार, 31 अगस्त 2026 2:45 PM (IST)
प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 बच्चों समेत 5 की मौत; 15 झुलसे
कौशांबी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रयागराज बॉर्डर से सटे मोहम्मदपुर गांव में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए हैं। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई और आसपास के 5 से 7 मकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। मोहम्मदपुर गांव प्रयागराज बॉर्डर पर स्थित है और यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 15 मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के कुछ मकानों में रहने वाले लोग भी विस्फोट की चपेट में आकर घायल हुए हैं। 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया। फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण विस्फोट के बाद भी लगातार धमाकों की आवाज आती रही, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। कई झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई पर लेकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाते नजर आए।
पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के लिए एयरफोर्स की टीमें भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई हैं। मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पटाखे मौजूद थे। फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है। हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और पटाखों के भंडारण से जुड़े नियमों की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को तलाशना और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement