Advertisement
यूपी: कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 11 की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

पुलिस को आशंका है कि फैक्ट्री और आसपास गिरे मकानों के मलबे में कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं। इसी कारण तलाशी अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले राहत-बचाव में जुट गए।
मलबे में दबे और झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई पर रखकर सड़क तक लाते दिखाई दिए। इसके बाद उन्हें वाहनों और एंबुलेंस की मदद से स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) पहुंचाया गया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों में एक बच्चा भी शामिल है। आसपास के मकानों में रहने वाले कुछ लोग भी विस्फोट की चपेट में आकर घायल हुए हैं।
सीएम योगी ने हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
इस बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के कई लोगों की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने एसआरएन अस्पताल में भर्ती घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना है और उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं तथा कहा कि जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद सामने आए दृश्यों ने घटना की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया। कहीं लोग मलबे के बीच अपनों को तलाशते नजर आए तो कहीं परिजन अस्पताल पहुंचकर अपनों की जानकारी लेने के लिए परेशान दिखे।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
कौशाम्बी
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


