Major accident in Sawai Madhopur: Tonk youth drowns while swimming in pool-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सवाई माधोपुर में बड़ा हादसा : स्विमिंग पूल में नहाते समय डूबा टोंक का युवक, गंभीर हालत में जयपुर रैफर; सुरक्षा मानकों की खुली पोल

khaskhabar.com: सोमवार, 18 मई 2026 6:15 PM (IST)
सवाई माधोपुर में बड़ा हादसा : स्विमिंग पूल में नहाते समय डूबा टोंक का युवक, गंभीर हालत में जयपुर रैफर; सुरक्षा मानकों की खुली पोल
चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर/टोंक)। गर्मी के इस मौसम में मौज-मस्ती के लिए स्विमिंग पूल जाने वाले युवाओं की जिंदगी कितनी असुरक्षित है, इसकी एक खौफनाक बानगी सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। यहाँ एक निजी स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान टोंक जिले के अलीगढ़ क्षेत्र निवासी एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे के बाद स्विमिंग पूल संचालक की घोर लापरवाही और वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गंभीर हालत में युवक को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रैफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोंक के अलीगढ़ क्षेत्र के खोहल्या गांव निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार मुनीम मीणा के पुत्र विजय मीणा शनिवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ चौथ का बरवाड़ा स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। पूल में नहाते समय अचानक विजय की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सीधे गहरे पानी में समा गया।
वहां मौजूद अन्य लोगों और दोस्तों ने भारी मशक्कत के बाद विजय को पानी से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसा होते ही पूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि संचालक ने वहां न तो कोई प्रशिक्षित लाइफगार्ड (Trained Lifeguard) तैनात कर रखा था और न ही कोई सुरक्षा उपकरण मौजूद थे।
परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोषित होते हुए बताया कि स्विमिंग पूल केवल अवैध रूप से पैसा उगाहने का जरिया बने हुए हैं। नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इस पूल परिसर में:
डूबते युवक को बचाने के लिए कोई लाइफ सेविंग जैकेट या ट्यूब नहीं थी।
प्राथमिक उपचार (First Aid Kit) या आपातकालीन ऑक्सीजन सिलेंडर की कोई व्यवस्था नहीं थी।
प्रशिक्षित स्टाफ न होने के कारण युवक को समय पर सीपीआर (CPR) या उचित मेडिकल सहायता नहीं मिल सकी, जिससे फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई।
हादसे के बाद बेसुध विजय मीणा को तुरंत सवाई माधोपुर के राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी जब हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार चिंताजनक बनी रही, तो चिकित्सकों ने उसे तत्काल जयपुर के एसएमएस (SMS) अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। वर्तमान में जयपुर में उसका सघन उपचार जारी है और पूरा क्षेत्र उसकी सलामती की दुआएं कर रहा है।
इस घटना के बाद टोंक और सवाई माधोपुर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पूल संचालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने दो टूक कहा है कि गर्मी के मौसम में रोजाना सैकड़ों बच्चे और युवा इन पूलों में जाते हैं। यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर बिना लाइसेंस और बिना सुरक्षा मानकों (प्राथमिक उपचार किट, लाइफगार्ड, सुरक्षा गाइडलाइंस) के चल रहे इन स्विमिंग पूलों की जांच कर इन्हें सील नहीं किया, तो भविष्य में किसी भी बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement