Advertisement
कोटपूतली-बहरोड़-बानसूर डायरी: अवैध खनन माफिया पर विराटनगर पुलिस का वज्रपात, बानसूर में लेपर्ड का खौफ

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक (SP) सतवीर सिंह के कड़े निर्देशों पर जिला पुलिस ने अवैध खनन और इसके अवैध परिवहन के खिलाफ प्रभावी अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और वृताधिकारी (विराटनगर) उमेश कुमार निठारवाल के सुपरविजन में विराटनगर थानाधिकारी बाबूलाल मीणा के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
चौराहे पर घेराबंदी: विराटनगर पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के बादशाहपुर गांव के चौराहे पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बिना नंबरी महिंद्रा 575 डीआई एक्सपी प्लस ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया।
बिना लाइसेंस 4 टन बजरी परिवहन: जांच करने पर ट्रैक्टर की ट्रॉली में करीब 4 टन अवैध बजरी भरी पाई गई, जिसके संबंध में चालक के पास कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था।
BNS और MMDR एक्ट में मामला दर्ज: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया और आरोपी चालक महाराम गुर्जर (23) पुत्र बाबूलाल, निवासी बुर्जा पाली (थाना बासदयाल, कोटपूतली-बहरोड़) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एम.एम.डी.आर. एक्ट की धारा 4/21 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
जनता से गोपनीय सूचना की अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थ, शराब या खनन की सूचना तुरंत पुलिस थाना या कंट्रोल रूम नंबर 9530427856 अथवा 112 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बानसूर के रामपुर गांव में लेपर्ड का खौफनाक आतंक: घर की चारदीवारी में घुसकर दो बकरियों पर किया हमला, एक को उठाकर जंगल भागा
बानसूर क्षेत्र के रामपुर गांव में बुधवार देर रात एक लेपर्ड के आबादी क्षेत्र में घुस आने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। लेपर्ड ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए उसके मवेशियों पर जानलेवा हमला बोल दिया।
किसान के घर में घुसा शिकारी: जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी किसान हजारी लाल योगी की बकरियां रात के समय उनके घर की चारदीवारी के भीतर सुरक्षित बंधी हुई थीं। देर रात घात लगाकर आया लेपर्ड दीवार फांदकर भीतर घुस गया और दोनों बकरियों पर टूट पड़ा।
एक की मौत, दूसरी गायब: सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के भीतर एक बकरी मृत अवस्था में लहू-लुहान पड़ी थी, जबकि दूसरी बकरी गायब थी। आसपास तलाश करने पर जमीन पर लेपर्ड के पंजों के साफ निशान (पगमार्क) दिखाई दिए, जिससे साफ हुआ कि वह दूसरी बकरी को घसीटकर जंगल की ओर ले गया है।
वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग: घटना की भनक लगते ही रामपुर ग्राम पंचायत के प्रशासक मुकेश जिलोवा मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसान को ढांढस बंधाते हुए वन विभाग को सूचित किया। आबादी के नजदीक लेपर्ड की इस सक्रियता से ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर बेहद डरे हुए हैं और उन्होंने वन विभाग से तत्काल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने व शूटर-पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है।
संतोष देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की अनूठी पहल: डॉ. शानू यादव ने नालोता गांव में किया वाटर कूलर का उद्घाटन; राहगीरों को मिलेगी राहत
बहरोड़ के जखराना की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था 'संतोष देवी चैरिटेबल ट्रस्ट' द्वारा बढ़ती भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए एक बेहद सराहनीय कदम उठाया गया है। ट्रस्ट द्वारा नालोता गांव के सार्वजनिक स्थान पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल के लिए एक आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया गया है।
मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: इस वाटर कूलर का भव्य उद्घाटन भाजपा राजस्थान महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ट्रस्ट की सचिव डॉ. शानू यादव ने किया। डॉ. शानू यादव ने बताया कि इस जनहित पहल का मुख्य उद्देश्य बाजार में आने वाले राहगीरों, स्थानीय व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम नागरिकों को इस चिलचिलाती गर्मी में शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है ताकि कोई भी प्यासा न रहे।
ग्रामीणों ने जताया आभार: कार्यक्रम के दौरान गांव के गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने संस्था के इस कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इस भीषण तपेद के दौर में पानी पिलाना सबसे बड़ी मानव सेवा है। इस अवसर पर अशोक सरपंच, गुलाब पंच, बुधराम डेलीगेट, राम सिंह पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं। वाटर कूलर के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में राजेश गुर्जर की नई दुकान का भी फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
कोटपूतली-बहरोड
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


