कैथल।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी फसलों की कटाई का कार्य शुरू हो
चुका है। कृषि व कल्याण विभाग द्वारा निदेशालय स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों
की डयूटी फसल कटाई प्रयोगों के निरीक्षण हेतु लगाई गई है।
जिला कैथल में
बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक धर्म सिंह यादव ने इस दौरान सभी 6 खंडों
में 18 गांवों में जाकर फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण किया। उपकृषि
निदेशक डा. महावीर सिंह ने बताया कि संयुक्त निदेशक ने गुहला खंड के
सलीमपुर, हेमू माजरा, खरोदी, जोधवा, सरकपुर गांवों में फसल कटाई प्रयोगों
के दौरान गांव खरोदी के एक प्लाट में लगभग 15 मण प्रति एकड़ के हिसाब से
गेहूं निकलने का अनुमान लगाया। इतनी कम पैदावार का मुख्य कारण जनवरी माह
में हुई वर्षा व ओला वृष्टि को आंका गया। गांव सीवन में जयपाल पुत्र तारा
सिंह के खेत में सर्वाधिक 65 मण प्रति एकड़ के हिसाब से गेहूं का उत्पादन
पाया गया। कैथल खंड के गांव क्योडक़ व ग्योंग में डा. यादव द्वारा फसल की
कटाई स्तर पर निरीक्षण किया गया। पूंडरी खंड से जटहेड़ी, राजौंद खंड से
कोटड़ा, सौंगरी तथा कलायत खंड से गांव कलायत व खेड़ी लांबा में थ्रैसिंग
स्तर पर फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण किया गया। खेड़ी लांबा गांव में
संचालित किए गए फसल कटाई प्रयोगों में 41 मण प्रति एकड़ के हिसाब से
उत्पादन पाया गया।
संयुक्त निदेशक डा. यादव ने बताया कि जिला के
प्रत्येक गांव में गेहूं, सरसों, चना व जौ फसल पर चार- दो फसल कटाई प्रयोग
संचालित करने का प्रस्ताव है। जिन गांवों में पहले से ही निर्धारित उपज
से कम उत्पादन रहता है, उस गांव के सभी बीमा किए किसानों को अनुपातिक रूप
से ये जितनी उपज कम रहती है बीमा कंपनी द्वारा मुआवजा देने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि जिन गांवों में नोटिफाईड फसल के चार फील्ड भी नही हैं,
वहां की थ्रैसहोल्ड उपज की तुलना खंड स्तर पर आई औसत उपज को करके किसानों
को मुआवजा देने का प्रावधान है। इस मौके पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी हरबंस
सिंह मार, गुण नियंत्रक निरीक्षक डा. दिनेश शर्मा व विभाग के अन्य अधिकारी
उपस्थित थे।