In the public hearing, the District Collector gave instructions to the officers to resolve the problem soon-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए जल्द समस्या निस्तारण के निर्देश

khaskhabar.com: गुरुवार, 15 मई 2025 7:12 PM (IST)
जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए जल्द समस्या निस्तारण के निर्देश
श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार की जन भावना के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं, समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के लिये जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट के वीसी रूम में हुई। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार परिवेदनाओं का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाये। जनसुनवाई में प्राप्त 105 प्रकरणों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। संपर्क पोर्टल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आमजन की परिवेदनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समस्त प्रकरणों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करते हुए परिवादियों को संतुष्टि और राहत मिल सके, ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। विभागीय अधिकारी संपर्क पोर्टल पर औसत निस्तारण दिवस, राहत प्रतिशत एवं राहत संतुष्टि प्रतिशत में सुधार के लिये गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति के लिये भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। जनसुनवाई के दौरान पदमपुर में पर्यावरण सुरक्षा को लेकर पेड़ कटाई शिकायत प्रकरण में कार्यवाही के लिये वन विभाग और जिला परिषद सीईओ को निर्देशित किया। इसी तरह 33 आरबी पदमपुर निवासी परिवादी की शिकायत पर सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्यवाही कर राहत देने के निर्देश दिये। 46 आरबी में अतिक्रमण, पदमपुर में बिजली कनेक्शन, सादुलशहर के गदरखेड़ा में भूमि रूपांतरण प्रकरण में एसडीएम को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये गये। गजसिंहपुर निवासी परिवादी के पेंशन प्रकरण और साधुवाली ग्राम पंचायत में मनरेगा श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिये जिला परिषद अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई के बाद सतर्कता समिति की बैठक में समस्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाये और संपर्क पोर्टल पर ज्यादा अवधि तक प्रकरण लम्बित नहीं रहें। प्राप्त प्रकरणों का आगामी जनसुनवाई से पूर्व निस्तारण किया जाये। राज्य सरकार की मंशा के अनुसार समस्त जिला स्तरीय और उपखण्ड स्तरीय अधिकारी आमजन की परिवेदनाओं का समुचित निस्तारण करना सुनिश्चित करें। नियमित रूप से जनसुनवाई करते हुए संपर्क पोर्टल पर आने वाले प्रकरणों का भी निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें।
इस अवसर पर एडीएम सतर्कता रीना, जिला परिषद सीईओ गिरधर, एएसपी रामेश्वर लाल, नगर विकास न्यास सचिव अशोक असीजा, सहायक निदेशक लोक सेवाएं ऋषभ जैन, वीआई परिहार, धीरज चावला, रविन्द्र यादव, दीपक चंदन, गिरजेशकांत शर्मा, भीमसेन स्वामी, विजय कुमार शर्मा, सुरेन्द्र बिश्नोई, वीरेन्द्र पाल सिंह, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला सहित अन्य मौजूद रहे जबकि एसडीएम और उपखंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement