khaskhabar.com: मंगलवार, 10 जनवरी 2017 6:26 PM (IST)
झुंझुनूं। जिप सदस्य दिनेश सुंडा ने कहा है कि पूर्व सैनिकों की हर लड़ाई में वे और झुंझुनूं का हर व्यक्ति उनके साथ है। सुंडा मंगलवार को पूर्व सैनिकों को जयपुर रवाना करने से पहले बोल रहे थे। सरकारी नौकरियों में पूर्व सैनिकों के आरक्षण को षडयंत्रपूर्वक समाप्त कर उनके हकों के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरुद्ध पूर्व सैनिक मंगलवार अल सुबह शहीद स्मारक से रवाना हुए। सरकारी नौकरियों की भर्तियों में युवा पूर्व सैनिकों के भविष्य के लिए लड़ाई लडऩे के लिए सुबह सवेरे कड़ाके की ठंड में बुजूर्ग एक्स सर्विसमैनों का जज्बा भी देखने को मिला। जिप सदस्य दिनेश सुंडा ने एक्स सर्विसमैन संघर्ष समिति के संयोजक होशियारसिंह, गौरव सैनानी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल फोगाट, पूर्व सैनिक संगठन के संयोजक कैप्टन मोहनलाल व युवा कार्यकर्ता राजेंद्र फौजी की मौजूदगी में शहीद स्मारक से दो बसें तथा पिलानी से एक बस और अन्य गाडिय़ों को रवाना किया। जयपुर पहुंचने के बाद प्रदेशभर पूर्व सैनिकों ने पहले धरना दिया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की कोशिश की। लेकिन दोनों ही जगहों पर ना तो राज्यपाल मिले और ना ही मुख्यमंत्री। लेकिन मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि उनके ओएसडी धीरेंद्र कमठाण ने सात दिन का समय मांगा। वहीं राज्यपाल के प्रतिनिधि ने उन्हें बुधवार को मिलने का समय दिया। इस मौके पर नेपालसिंह, विजय सिहाग, रणधीर गढवाल सीकर, मेजर जयराम, ब्रिगेडियर भगवानसिंह, इंद्राजसिंह, रामस्वरूप मील, कैप्टन श्रीनिवास, कैप्टन दीपसिंह शेखावत, कंवरपालसिंह, रामावतार, विजय पूनियां, ताराचंद खेदड़, रविंद्र, सुरेंद्रसिंह, रामस्वरूप, आनंदसिंह शेखावत आदि मौजूद थे।
राज्यपाल से मिलेंगे पूर्व सैनिक
जिप सदस्य दिनेश सुंडा ने बताया कि बुधवार को पूर्व सैनिक राज्यपाल कल्याणसिंह से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक प्रतिनिधिमंडल जयपुर रूक गया है। जो बुधवार सुबह एक्स सर्विसमैन संघर्ष समिति के संयोजक होशियारसिंह के नेतृत्व में राज्यपाल से मुलाकात कर पूर्व सैनिकों का भर्तियों में आरक्षण लौटाने और पुरानी भर्तियों की जांच कराने की मांग करेंगे। बुधवार सुबह होशियारसिंह के साथ नेपालसिंह, मुकेश, रमेश बिसू, दयासिंह, कमलेश आदि राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।