if BSP be ready Congress is ready to compromise : Captain Amarinder Singh-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बसपा चाहे तो समझौते के लिए तैयार है कांग्रेस : कैप्टन अमरिंदर सिंह

khaskhabar.com: रविवार, 21 अगस्त 2016 9:35 PM (IST)
बसपा चाहे तो समझौते के लिए तैयार है कांग्रेस : कैप्टन अमरिंदर सिंह
कपूरथला। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बसपा से समझौते के लिए कांग्रेस तैयार है। अगर वह इसके लिए तैयार हो तो बात को आगे बढ़ाया जाएगा। वे रविवार को फगवाड़ा के गांव पंडवा में एक धार्मिक समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने पंजाब को दोनों हाथों से लूटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल भी पैसे लेकर टिकटें बेच रहा है, इस बात की पुष्टि पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष स्वर्गीय गुरचरन सिंह टोहड़ा के दामाद हरमेल सिंह टोहड़ा एंड ग्रुप के उस बयान से भी होती है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि सुखबीर बादल बिना पैसे के किसी को अकाली दल का टिकट नहीं देते। उन्होंने कहा कि अकाली दल में साफ सुथरी छवि वाले नेताओं की कोई वैल्यू नहीं है। प्रदेश में बढ़ रहे नशे को लेकर मचे बवाल के बीच पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर चार हफ्ते में नशे को खत्म किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने गुटका साहिब को हाथ में लेकर शपथ ली है। हालांकि उन्होंने कहा कि पंजाब में शराब पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि चूंकि प्रदेश के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं व पंजाब में सबसे ज्यादा रेवेन्यू एक्साइज व टैक्ससेशन विभाग से आता है। अगर वह बंद हो गया तो सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को वेतन कैसे दिया जाएगा। कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने लोगों से वादा किया कि पंजाब में काग्रेस सरकार बनते ही हर परिवार में से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी जरूर दी जाएगी। इसके अलावा बुढ़ापा, अंगहीन, विधवा व अन्य पेंशन 500 से बढ़ाकर 2000 की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को 5-5 मरले के प्लॉट अलॉट किए जाएंगे, इसके अलावा इन प्लॉटों के निर्माण के लिए भी पैसे सरकार देगी। शगुन स्कीम में बढ़ोतरी कर उसे 15 हजार से 51 हजार रुपए तक किया जाएगा। आटा-दाल स्कीम को बढ़ाकर उसमें चाय और चीनी भी शामिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि हेल्थ पॉलिसी तैयार कर हर व्यक्ति को 5 लाख रुपए तक का हेल्थ इंश्योरेंस देंगे, जिसका प्रीमियम सरकार देगी। सरकार इंडस्ट्री को स्टैंड करेगी और बेरोजगार नौजवानों को नौकरी देगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के प्रधान जोगिंदर सिंह मान, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बलवीर राजा सोढ़ी, प्रदेश कांग्रेस के सचिव सोहन लाल बंगा, हरजीत सिंह परमार, ब्लाक कांग्रेस शहरी के प्रधान संजीव बुग्गा, कांग्रेस देहाती के प्रधान दलजीत राजू दरवेश पिंड, यूथ कांग्रेस प्रधान सौरव खुल्लर, प्रदेश कांग्रेस सचिव बंटी वालिया, जरनैल नंगल, गुरजीत पाल वालिया, गोपी बेदी, सर्बजीत ढल्ला, प्रदेश कांग्रेस सचिव सुरिंदर सौंधी छिंदी भी उपस्थित थे।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement