Hansraj hans going here and there to fulfill his dream-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सपने पूरे करने के लिए इधर से उधर भटक रहे हैं हंसराज हंस

khaskhabar.com: रविवार, 11 दिसम्बर 2016 4:33 PM (IST)
सपने पूरे करने के लिए इधर से उधर भटक रहे हैं हंसराज हंस
बलवंत तक्षक चंडीगढ़। पंजाब के लोकप्रिय गायक हंसराज हंस अपने सपने पूरे करने के लिए पार्टी-पार्टी खेल रहे हैं। अकाली दल से अपनी राजनीति की शुरुआत करने के बाद हंस कांग्रेस से होते हुए भाजपा में पहुंच गए हैं। एक समय ऐसा माना जाता था कि जब नवजोत सिंह सिद्धू और भगवंत मान लोकसभा में पहुंच सकते हैं तो हंस भी राजनीति के मैदान पर सफल पारी खेल सकते हैं, लेकिन उनका सपना अभी पूरा नहीं हो पाया है। इसी सपने को पूरा करने की उम्मीद में हंस इधर से उधर आ-जा रहे हैं। अकाली दल में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने उन्हें जालंधर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी के पूरी ताकत लगाने के बावजूद वे संसद में नहीं पहुंचे। हालांकि, हंस के अकाली दल में आने को उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार दिया था। सत्ता में आने के बाद अकाली दल नेतृत्व ने हंस को कोई जिम्मेदारी सौंपने के बजाये एक तरह से भूला ही दिया। हंस चुपचाप इस उपेक्षा को झेलते हुए मौके की तलाश में लगे रहे। ऐसे ही हालात में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात के बाद हंस को लगा कि अब उनके सपने पूरे हो सकते हैं।
कैप्टन ने उन्हें भरोसा भी दिलाया कि उन्हें पंजाब से राज्यसभा में भेज दिया जाएगा। कैप्टन ने पार्टी आलाकमान से उनके नाम की सिफारिश भी की, लेकिन बाजी मारी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह दूलों ने। हंस लगातार दूसरी बार मिली इस हार को पचा नहीं पाये। हाल ही नया गांव में एक सम्मेलन के दौरान जब पार्टी के वरिष्ठ नेता दलित समुदाय के हित में कांग्रेस की उपलब्धियों का बखान कर रहे थे, हंस ने दूलों से माइक छीन लिया। जोर-जोर से नारे लगाये और मंच से नीचे कूद गए। उनका आरोप था कि दलितों को उनके हकों से वंचित किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी उस वक्त मंच पर मौजूद थे। पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता हक्के-बक्के थे कि हंस को अचानक यह क्या हो गया? जाहिर है, हंस की राज्यसभा में नहीं भेजे जाने की टीस उभर आई और उन्होंने आपा खो दिया। कांग्रेस के प्रति हंस की निष्ठा खत्म होने का यह सीधा संकेत था। इस हरकत से यह भी साफ हो गया कि कांग्रेस में हंस को अब गंभीरता से नहीं लिया जाएगा। ऐसा ही हुआ भी।
हंस ने राजनीति में ऊंचाइयों पर पहुंचने के जो सपने देखे थे, उन्हें पूरा तो करना ही था और इसके लिए उन्हें भाजपा ही सही पार्टी नजर आई। कांग्रेस को अलविदा कहते हुए इस चुनावी मौसम में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में दिल्ली में उन्होंने खुद को भगवा रंग में रंग लिया। नवजोत सिंह सिद्धू के भाजपा छोडऩे के बाद पार्टी को लगता है कि हंस के रूप में उन्हें एक बड़ा गायक कलाकार मिल गया है। देखना यही है कि इधर-उधर भटक रहे हंस के सपने भाजपा में भी पूरे हो पाते हैं या नहीं।
नर्सों से क्या कहती थी अम्मा!दिया ऑफर...

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement