Gurugram Lady Biker Hit-and-Run Case : Prime Accused Kalyan Bainsla and Accomplice Arrested in Dausa-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 9, 2026 12:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुरुग्राम लेडी बाइकर हिट-एंड-रन केस : मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला साथी समेत दौसा से गिरफ्तार, पुलिस ने जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा

khaskhabar.com: मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 4:07 PM (IST)
गुरुग्राम लेडी बाइकर हिट-एंड-रन केस : मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला साथी समेत दौसा से गिरफ्तार, पुलिस ने जोड़ी हत्या के प्रयास की धारा
दौसा/गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक सवार युवती (लेडी बाइकर) को कार से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी 32 वर्षीय कल्याण बैंसला और उसे पनाह देने वाले उसके साथी लवनीश गुर्जर को दौसा से दबोच लिया गया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद भागकर दौसा आ गए थे और मेहंदीपुर बालाजी में ठहरे हुए थे। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने पीछा करते हुए आगरा रोड स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के भांडारेज इंटरचेंज से दोनों को गिरफ्तार किया। दौसा सदर थाने में आमद दर्ज कराने के बाद गुरुग्राम पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई, जहाँ आरोपी मीडिया और कैमरों के सामने दोनों हाथों से मुंह छिपाते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) भी जोड़ दी है। फरार कराने वाले दो अन्य मददगार भी दबोचे गए
सदर थाना प्रभारी युधिष्ठिर ने बताया कि घटना के संबंध में गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद कल्याण बैंसला को उसका दोस्त निंदर पलवल लेकर गया था, जबकि उसके एक अन्य दोस्त प्रमोद पर उसे टिकरी गुर्जर गांव (पलवल) से भगाने का आरोप है। गुरुग्राम पुलिस ने फरारी में मदद करने वाले इन दोनों दोस्तों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता पूर्व AAP प्रत्याशी: 'नशे में थे कार सवार, जानबूझकर मारी टक्कर'
हादसे में घायल हुई लेडी बाइकर शिवानी चौहान उर्फ 'सिया' दिल्ली की रहने वाली हैं और फैशन डिजाइनर हैं। वे 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम चुनाव भी लड़ चुकी हैं। उनके पिता रोशन चौहान भी पार्टी से जुड़े हैं।
घटना का विवरण देते हुए सिया ने बताया कि 13 सितंबर की सुबह वे अपने ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर 'Aprilia RS 457' स्पोर्ट्स बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान मारुति सियाज कार में सवार युवक लगातार उनकी बाइक के करीब आकर अभद्र इशारे करने लगे और बाइक रोकने का दबाव बनाने लगे। युवकों की संदिग्ध हरकतों को देखकर जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी, तो कार सवारों ने अचानक पहली लेन से तीसरी लेन में कट मारते हुए बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सिया सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गईं, हालांकि उच्च गुणवत्ता वाले राइडिंग गियर के चलते उनकी जान बच गई। कार सवार मौके से चकमा देकर फरार हो गए। यह पूरी घटना बाइक में लगे कैमरे में कैद हो गई थी।
आरोपी के दावों पर पीड़िता का पलटवार: 'क्या दो वीडियो सबूत के लिए काफी नहीं?'आरोपी द्वारा दिए गए बयानों पर सिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल (रेबलव्हील्स सिया) पर वीडियो जारी कर तीखा जवाब दिया:
गलत बयानों का खंडन: आरोपी का कहना था कि उसे पता नहीं था कि बाइक पर लड़की है। इस पर सिया ने कहा कि उनकी लंबी चोटी साफ दिख रही थी।
सहानुभूति का ढोंग: सिया ने कहा, "वीडियो में साफ दिख रहा है कि उसने पहली लेन से तीसरी लेन में आकर मुझे कट मारा। वह एक सेकंड के लिए भी यह देखने नहीं रुका कि मैं जिंदा भी बची हूं या नहीं। अब सहानुभूति बटोरने का नाटक कर रहा है। ऐसे लोगों की वजह से ही सड़कों पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।"
किसान परिवार, कबड्डी और जिम का कारोबार
मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला मूलतः पलवल के टिकरी गुर्जर गांव का रहने वाला है। वह एक किसान परिवार से आता है और उसके पिता पहले गांव के नंबरदार रह चुके हैं। कल्याण शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
कबड्डी का खिलाड़ी: परिजनों के अनुसार कल्याण 12वीं कक्षा से कबड्डी खेल रहा है और स्टेट व नेशनल स्तर पर खेल चुका है।
जिम विवाद : उसने 2020 में पलवल में 65 हजार रुपये मासिक किराए पर 'KBT जिम' शुरू किया था। किराया बकाया होने के कारण मकान मालिक ने करीब दो महीने पहले जिम पर ताला जड़ दिया था। बकाया रकम चुकाने के बाद 17 सितंबर से जिम को दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही वह इस वारदात में फंस गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement