Exhibition of Ancient Manuscripts and Rare Issues of Rajasthan Bharati Begins-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्राचीन पांडुलिपियों और राजस्थान भारती के दुर्लभ अंकों की प्रदर्शनी शुरू

khaskhabar.com: बुधवार, 12 अगस्त 2026 4:40 PM (IST)
प्राचीन पांडुलिपियों और राजस्थान भारती के दुर्लभ अंकों की प्रदर्शनी शुरू
बीकानेर। सादूल राजस्थानी रिसर्च इन्स्टीट्यूट, बीकानेर के तत्वावधान में आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित संस्था के सभागार में प्राचीन पांडुलिपियों तथा ‘राजस्थान भारती’ के दुर्लभ एवं प्राचीन अंकों की दो दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में राजस्थान की साहित्यिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों को प्रदर्शित किया गया है।उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने की। मुख्य अतिथि संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ समीक्षक अशफाक कादरी ने प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों पर पत्र-वाचन किया। विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : राजेन्द्र जोशी अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने कहा कि प्राचीन पांडुलिपियां केवल पुराने कागजों का संग्रह नहीं हैं, बल्कि इनमें हमारी भाषा, साहित्य, संस्कृति, लोकजीवन और सामाजिक चेतना का इतिहास सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि किसी समाज की पहचान उसकी स्मृति और विरासत से बनती है। इसलिए इन दुर्लभ ग्रंथों और पत्र-पत्रिकाओं का संरक्षण और दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ‘राजस्थान भारती’ के पुराने अंक उस समय के साहित्यिक परिवेश और राजस्थान की रचनात्मक चेतना को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। नई पीढ़ी को इन धरोहरों से जोड़ने के लिए ऐसी प्रदर्शनियां निरंतर आयोजित की जानी चाहिए।
पांडुलिपियां इतिहास की जीवंत धरोहर : राकेश शर्मा
मुख्य अतिथि संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि संग्रहालयों और शोध संस्थानों में सुरक्षित पांडुलिपियां हमारे अतीत की जीवंत धरोहर हैं। इनमें तत्कालीन समाज, भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति के अनेक महत्वपूर्ण संदर्भ मिलते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां शोधार्थियों, विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं।उन्होंने सादूल राजस्थानी रिसर्च इन्स्टीट्यूट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संग्रहालय और शोध संस्थाओं के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से राजस्थान की समृद्ध विरासत को अधिक व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सकता है।
दुर्लभ सामग्री शोध के नए द्वार खोलती है : राजाराम स्वर्णकार
विशिष्ट अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि प्राचीन साहित्यिक सामग्री हमारे लिए अतीत की ओर देखने वाली खिड़की है। पुराने ग्रंथों और पत्रिकाओं में ऐसे अनेक तथ्य, रचनाएं और संदर्भ मिलते हैं, जो वर्तमान पीढ़ी के लिए शोध का महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं।उन्होंने कहा कि ‘राजस्थान भारती’ के पुराने अंक राजस्थान के साहित्यिक इतिहास के महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इनका अध्ययन करने से प्रदेश की साहित्यिक यात्रा, रचनाकारों की सक्रियता और उस समय की वैचारिक चेतना को समझने में सहायता मिलती है।
पांडुलिपियों में संस्कृति की स्मृतियां सुरक्षित : अशफाक कादरी
वरिष्ठ समीक्षक अशफाक कादरी ने अपने पत्र-वाचन में कहा कि प्राचीन पांडुलिपियों में केवल शब्द नहीं, बल्कि सदियों की सांस्कृतिक स्मृतियां सुरक्षित हैं। उन्होंने विभिन्न प्राचीन ग्रंथों के संदर्भ देते हुए उनकी विषयवस्तु, भाषा और साहित्यिक महत्त्व पर प्रकाश डाला।
कादरी ने कहा कि पांडुलिपियों का संरक्षण केवल साहित्यकारों या शोधकर्ताओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन दस्तावेजों का वैज्ञानिक संरक्षण, डिजिटलीकरण और व्यापक परिचय समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा नें पुस्तको के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन अब्दुल शकूर सिसोदिया ने किया।
दो दिन तक चलेगी प्रदर्शनी
संस्था परिसर में आयोजित प्रदर्शनी में प्राचीन पांडुलिपियों के साथ ‘राजस्थान भारती’ के पुराने अंक दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। साहित्यकारों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और इतिहास एवं संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आयोजनकर्ताओं के अनुसार प्रदर्शनी दो दिनों तक जारी रहेगी, जिसमें आमजन भी राजस्थान की इस दुर्लभ साहित्यिक-सांस्कृतिक धरोहर को देख सकेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement