Etawah: 11 people arrested for spreading rumours in Kathavachak case-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 14, 2026 10:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

इटावा में कथावाचक कांड में अफवाह फैलाने वाले 11 लोग गिरफ्तार

khaskhabar.com: रविवार, 29 जून 2025 08:47 AM (IST)
इटावा में कथावाचक कांड में अफवाह फैलाने वाले 11 लोग गिरफ्तार
इटावा,। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में कथावाचक मामले को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक संदेशों और भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल आठ मुकदमों के आधार पर की गई हैं। जानकारी के अनुसार, थाना बकेवर क्षेत्र में हाल ही में हुए कथावाचक विवाद के बाद कुछ अराजक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आपत्तिजनक और उत्तेजक पोस्ट, वीडियो और रील साझा की जा रही थीं। इससे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी। इटावा पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी टीम द्वारा ऐसे तत्वों की लगातार पहचान की जा रही है। चिह्नित आईडी से जुड़े लोगों के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्य जुटाकर थानों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस की इस मुहिम में अब तक जिन 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों के युवक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में थाना इकदिल से आशिक, सैफई से अंशुल और रवि यादव, ऊसराहार से नवनीत कश्यप, फ्रेंड्स कॉलोनी से पंकज, कोतवाली से शिवम, बकेवर से प्रिंस, कुनाल, विकास उर्फ गौरव, प्रशांत कुमार और चकरनगर से अंकित यादव शामिल हैं।
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की विवादित या भड़काऊ सामग्री साझा न करें और न ही किसी ऐसे संदेश को आगे भेजें। यदि किसी को कोई ऐसी पोस्ट प्राप्त होती है, तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि इटावा पुलिस सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी बनाए हुए है और भविष्य में भी इस प्रकार की भ्रामक या उत्तेजक गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए जन सहयोग आवश्यक है।
इसके अलावा, इटावा में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष, सांसद, विधायक समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने रेनू तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए ज्ञापन दिया है और उन्होंने गिरफ्तार हुए सभी लोगों के निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा, "जिस दिन यह घटना हुई महिला ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया, क्योंकि वह खुद दोषी थी। अगले दिन उसने आरोप लगाना शुरू कर दिया और तीसरे दिन उसने हमारी माताओं, बहनों और बेटियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसका असर अब पूरे जिले पर पड़ रहा है।" उन्होंने पूरे मामले की जांच कर रेनू को गिरफ्तार करने की मांग की है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement