Each newly received better service delivery to citizens - cm raje-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हर हाल में मिले आम नागरिकों को बेहतर सर्विस डिलेवरी : सीएम

khaskhabar.com: शुक्रवार, 25 नवम्बर 2016 6:54 PM (IST)
हर हाल में मिले आम नागरिकों को बेहतर सर्विस डिलेवरी : सीएम
जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने सभी जिला कलक्टर्स से कहा है कि इन्फोर्मेशन टैक्नोलाॅजी के माध्यम से जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि हर हाल में आम नागरिकों को बेहतर सर्विस डिलेवरी मिलनी चाहिए इसके लिए मोबाइल एवं वेब प्लेटफाॅर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही, इनके उपयोग से स्वच्छता, सौन्दर्यन, जल संरक्षण, वृक्षारोपण जैसे अभियानों में सामुदायिक भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। राजे शुक्रवार को जिला कलक्टर-एसपी काॅन्फ्रेंस में जिला कलक्टरों द्वारा किए गए नवाचारों पर आधारित सत्र को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने अजमेर जिले में शुरू किए गए अजमेर-पुष्कर टूरिज्म मोबाइल एप ‘लेज्गो‘ (स्र्महव!), रोड सेफ्टी पर चित्तौड़गढ़ में शुरू किए गए मोबाइल एप ‘हमसफर‘, उदयपुर में ‘एक्शन उदयपुर‘ वेब एप्लीकेशन सहित विभिन्न जिलों में किए जा रहे सूचना प्रौद्योगिकी नवाचारों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलक्टरों से कहा कि वे अपनी कार्यशैली में आईटी पर आधारित नवाचारों का समावेश करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे नवाचारों के जरिए आमजन के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सकती है। श्रीमती राजे ने सभी जिला कलक्टरों को अपने जिलों में बिजली छीजत में कमी लाने का टास्क देते हुए कहा कि हम सभी इस दिशा में अजमेर जिले के कामयाब बिठूर माॅडल का अनुसरण करते हुए मिशन मोड पर काम करेंगे तो हर जिला 100 करोड़ रूपये की बचत कर सकता है। यदि सभी जिला कलक्टर अपने जिलों में जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के सहयोग से बिजली छीजत को 15 प्रतिशत के नीचे लाने के इस महाभियान में योगदान देंगे तो 3300 करोड़ रूपए की बिजली छीजत रूकेगी, जिसका लाभ पूरे प्रदेशवासियों को मिलेगा। बिठूर गांव के लोगों ने छीजत को 47 प्रतिशत से 21 प्रतिशत तक लाने में सफलता हासिल की है। आज इस गांव के लोगों को बिना ट्रिपिंग के बिजली मिल रही है। हमें इसी माॅडल को पूरे प्रदेश में लागू करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में विकास की तस्वीर बदलने के लिए मुख्यमंत्री विद्युत सुधार अभियान को मुख्यमंत्री जल स्वालम्बन अभियान (एमजेएसए) की तरह ही आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री व विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में एक-एक फीडर चुनकर छीजत रोकने में सहभागी बनें। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में बिजली की बचत के लिए एलईडी लाइट्स लगाने के काम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक 6 माह में किस जिले में छीजत में कितनी कमी आई है, इसकी समीक्षा की जाएगी तथा इस आधार पर कलक्टरों की रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। श्रीमती राजे ने डूंगरपुर एवं अन्य जिलों में चल रहे सोलर ऊर्जा लैंप प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के अन्य आदिवासी बहुल ब्लाॅकों में इस प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार मिलेगा तथा सौर ऊर्जा के उपयोग में बढ़ोतरी भी होगी। डूंगरपुर जिले में 40 हजार परिवार सोलर ऊर्जा लैंप का लाभ उठा रहे हैं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 150 महिलाओं को इससे रोजगार मिला है।मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टरों से कहा कि वे सरकारी स्कूलों के कायाकल्प में भामाशाहों की मदद लें। इससे स्थानीय लोगों का शिक्षा के प्रति जुड़ाव भी बढ़ेगा। उन्होंने अलवर जिले के सरकारी स्कूलों में आधारभूत ढांचे के विकास तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए भामाशाहों के सहयोग से चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट एकता‘ तथा ‘प्रोजेक्ट उन्नयन‘ की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से शिक्षा को संबल मिलता है। बेटी की शादी में पहुंचे आमिर खान, परिवार ने नहीं लिया जोडा, तस्वीरें

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement