Advertisement
महिला सुरक्षा की दिशा में जयपुर पुलिस की अभिनव पहल, शहर के चार प्रमुख स्थानों पर शुरू हुए ‘पिंक बूथ’

सीसीटीवी व क्यूआर कोड जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं केंद्र
जयपुर। महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शनिवार (21 नवंबर 2026) को शहर के चार प्रमुख स्थानों पर महिला सुरक्षा एवं सहायता बूथ (पिंक बूथ) शुरू किए गए। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा ने जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर स्थापित पिंक बूथ का विधिवत उद्घाटन किया, जबकि अशोक नगर टी-पॉइंट (महारानी कॉलेज के पास), गौरव टावर के पास तथा सिटी पार्क, मानसरोवर स्थित अन्य तीन पिंक बूथों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। डीजीपी शर्मा ने इस पहल के लिए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल एवं जयपुर पुलिस की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इन बूथों की स्थापना से महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल के साथ-साथ त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।
दो शिफ्टों में तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी, राजकॉप ऐप व सीसीटीवी से लैस होंगे बूथप्रथम चरण में चार प्रमुख स्थानों पर शुरुआत: पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि प्रथम चरण में जयपुर के चार प्रमुख स्थानों पर पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो शिफ्टों में उपस्थित रहेंगी। किसी भी महिला या बालिका को आवश्यकता पड़ने पर यहां तत्काल सहायता, शिकायत के संबंध में मार्गदर्शन और आवश्यक पुलिस सहयोग सुनिश्चित हो सकेगा।
आधुनिक तकनीक और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं: कमिश्नर मित्तल ने बताया कि पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए पिंक बूथों पर आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी कैमरे, राजकॉप सिटीजन ऐप एवं क्यूआर कोड आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन बूथों पर छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार, घरेलू हिंसा सहित महिलाओं से जुड़ी किसी भी समस्या में तत्काल पुलिस सहायता एवं आवश्यक कार्रवाई की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यहां सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल, प्राथमिक उपचार, सैनिटरी पैड, आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 से त्वरित संपर्क की व्यवस्था भी की गई है।
महिला सुरक्षा पर शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन, वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बूथ पर तैनात कार्मिकों से किया संवाद: उद्घाटन के पश्चात डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बूथ पर तैनात महिला पुलिस कार्मिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में महिला सुरक्षा पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
इन अधिकारियों की रही उपस्थिति: समारोह में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश, उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा सहित आयुक्तालय के अन्य अधिकारी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और सुरक्षा सखियों ने सक्रिय सहभागिता की।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


