झुंझुनूं। देरवाला पंचायत के पूर्व सरपंच स्व. श्रीराम बेनीवाल के परिवार में सोमवार रात हुए खून खराबे में दो लोगों की जान चली गई। मामले को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों की ओर से सदर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही एसपी एसके गुप्ता ने भी मौका देखा और एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के मुताबिक पूर्व सरपंच स्व. श्रीराम बेनीवाल के भाई लालचंद और बीरबल के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। छह माह पहले हुए विवाद का लोगों ने मिल बैठकर सुलटारा भी करवा दिया था, लेकिन सोमवार रात बीरबल का बेटा अनूप उर्फ विक्की अपने ताऊ लालचंद के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इस पर लालचंद का बेटा अमित आया तो उस पर चाकू से वार कर दिया। लालचंद की पत्नी कमला को भी वार कर घायल कर दिया। साथ ही लालचंद के सीने पर वार किया। लालचंद ने जवाब में लाठी से अनूप उर्फ विक्की के सिर पर वार किया। बाद में चारों घायलों को बीडीके अस्पताल लाया गया। जहां लालचंद ने दम तोड़ दिया। इसके बाद गंभीर हालत में लालचंद की पत्नी कमला तथा लालचंद के भतीजे अनूप उर्फ विक्की को जयपुर रेफर किया गया। अनूप ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। बाद में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।