Dons message came Allahabad-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:36 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

इलाहाबाद आया डॉन का संदेशा, मुकदमा वापस लो नहीं तो बंसल जैसा होगा हाल

khaskhabar.com: बुधवार, 01 मार्च 2017 4:13 PM (IST)
इलाहाबाद आया डॉन का संदेशा, मुकदमा वापस लो नहीं तो बंसल जैसा होगा हाल
इलाहाबाद। इलाहाबाद में एक बार फिर अण्डरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव की दहशत ने दस्तक दी है। डॉन के गुर्गों द्वारा अपहृत इलाहाबाद के व्यापारी को जेल से धमकी भरा मैसेज आया है कि मुकदमा वापस लो या बंसल की तरह उपर जाने को तैयार रहो। डॉन का संदेशा आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आनन फानन में व्यापारी भाईयों को गनर उपलब्ध कराये गये हैं। पुलिस अब मैसेज भेजने वाले की सही लोकेशन के लिये तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। फिलहाल पहली जांच में इस मैसेज के जेल से आने की पूरी संभावना है। फिलहाल पुलिस भी मानती है कि जेल में बंद महेंद्र यादव के नाम से आया यह मैसेज फिर से अण्डरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव गैंग के सक्रिय होने का संकेत दे रहा है। बड़े आभूषण व्यवसायी हैं पंकज इलाहाबाद के मीरगंज इलाके में पंकज महेंद्रु व राहुल महेंद्रु की भगतराम जयनारायण ज्वैलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान हैं और दोनों शहर के बड़े व्यवसायी माने जाते हैं। पंकज के मोबाइल पर धमकी भरा एसएमएस महेंद्र यादव के नाम से आया। जिसमें अपहरण का मुकदमा वापस न लेने पर डा. बंसल की तरह हत्या कर दिये जाने की बात लिखी थी।
दिये गये गनर
मामले की सूचना एसएसपी शलभ माथुर को दी गई तो डिपार्टमेंट हरकत में आया। तत्काल प्रभाव से दोनों भाइयों को गनर मुहैया कराते हुये एसपी सिटी विपिन ताड़ा और सीओ प्रथम रूपेश सिंह ने पंकज और उनके भाई से बातचीत की और सुरक्षा का आश्वासन दिया। जांच पड़ताल शुरू की गई और मैसेज भेजने वाले की सुरागसी की जा रही है।
क्या लिखा था मैसेज
आभूषण व्यवसायी पंकज महेंद्रु के मोबाइल पर जो एसएमएस आया उसमें लिखा था कि तुम मेरे खिलाफ मुकदमा वापस ले लो, अपने एडवोकेट को इस बारे में बता दो नहीं तो तुम्हारा भी हाल बंसल जैसा होगा। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिस व्यक्ति के नाम से एसएमएस आया है, वह व्यवसायी के अपहरण के आरोप में नैनी जेल में बंद है। उस नंबर की सीडीआर मंगाकर सत्यता को खंगाला जा रहा है कि एसएमएस उसी शख्स ने किया है या फिर और किसी ने।
आ चुका था फोन
पंकज महेंद्रु के मोबाइल पर 19 फरवरी को एक फोन काॅल भी आई थी। उसने भी मुकदमा वापस लेने के लिये धमकाया था। तब पंकज ने फर्जी कॉल समझकर इषे गंभीरता से नहीं लिया लेकिन जब मैसेज आया तो पुलिस को जानकारी दी गई।
पंकज का हुआ था अपहरण
व्यवसायी पंकज महेंद्रु का पांच सितंबर 2015 को कार से घर जाते समय हाईकोर्ट के निकट पोलो ग्राउंड के सामने अपहरण कर लिया गया था। अपहर्ताओं ने पंकज की कार संगम किनारे लावारिस छोड़ दी और पंकज को फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस में रखा गया था। पंकज के मोबाइल से उनके घर वालों को फिरौती मांगी गई थी। लेकिन क्राइम ब्रांच और पुलिस ने फतेहपुर की पुलिस टीम के साथ पंकज को फार्म हाउस से छुड़ा लिया था। मामले में डान बबलू के करीबी रिश्तेदार विकल्प श्रीवास्तव, महेंद्र यादव, चंद्रबलि और सच्चिदानंद को गिरफ्तार किया गया था। जबकि मामले में आरोपी बनाये गये 12 लोगों में से बबलू श्रीवास्तव पहले से ही जेल में बंद था।

[ जनता आज तय करेगी अमेठी की रानी कौन, अमीता या गरिमा]

[ अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement