सोलन। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन शहर में जनसंख्या के अनुरूप सुविधाओें का निर्माण किया जाना चाहिए। डाॅ. शांडिल नगर परिषद सोलन के वार्ड नम्बर पांच में जन समस्याओं के निवारण के उपरान्त लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। डाॅ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले सोलन शहर की आबादी में काफी अधिक वृद्धि हुई है। शिमला तथा अन्य पर्यटक स्थलों का प्रवेश द्वार होने के कारण सोलन से होकर पर्यटकों का बड़ा वर्ग भी गुजरता है। ऐसी स्थिति में सोलन में अधोसंरचना विस्तार एवं सुविधाओं का सृजन किया जाना आवश्यक है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि 26 करोड़ की लागत से निर्मित किया जा रहा शामती बाईपास शहर के यातायात को व्यवस्थित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। शहर के विभिन्न भागों में निर्मित की जा रही पार्किग भी शीघ्र ही जनता को समर्पित की जाएंगी।