जयपुर । बिजली की बढ़ी दरों के विरोध में कांग्रेस पार्टी 28 सितंबर को प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा विद्युत दरों में लगभग 34 प्रतिशत की अप्रत्याशित वृद्धि कर बढ़ी महंगाई के दौर में भारी आर्थिक भार डाला गया है। सरकार के इस जनविरोधी कदम के खिलाफ प्रदेश के समस्त विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेसजन अपने से संबंधित तहसील मुख्यालय पर 28 सितम्बर सुबह 11.00 बजे विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे।