उदयपुर। आर्मी विंग यूनिट-10 राज बटालियन, एनसीसी, की ओर से स्थानीय 659 टीपीटी कंपनी उदयपुर में संचालित शिविर में शनिवार को स्वच्छता अभियान और पर्यावरण चेतना के बारे में चर्चा की गई। 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में व्यावहारिक साफ-सफाई के साथ ही वनों के संरक्षण-संवर्धन के आयामों पर जानकारी दी गई। शिविर में उदयपुर, राजसमन्द, भीलवाड़ा, चित्तौडग़ढ़, बांसवाड़ा व डूंगरपुर आदि जिलों से लगभग 570 छात्र-छात्रा कैडेट भाग ले रहे हैं।
शिविर के कैंप कमांडेंट कर्नल हरी भगवान ने कैडेट्स को स्वच्छता की अनिवार्यता, भीतरी-बाहरी स्वच्छता और भारत में चल रहे स्वच्छ भारत मिशन अभियान के बारे में समझाया और जीवन में सफाई के प्रति विशेष सजग रहने का आह्वान किया। शिविर में उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर पौधारोपण कार्यक्रम हुआ। इसमें कैंप कमांडेंट तथा रेलवे अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में कैडेट्स को अपने जीवन में वृक्षों की महत्ता बताई गई एवं पर्यावरण के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई। कैंप कमांडेंट ने पर्यावरण संरक्षण के बारे में कैडेट्स को जानकारी दी।