इलाहाबाद। बीटीसी करने के इच्छुक युवाओं के लिए खुशखबरी है। उन्हें वर्ष 2017 में एक नहीं दो बार प्रवेश पाने का मौका मिलेगा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय इसका खाका खींचने में जुटा है। तैयारी है कि जनवरी एवं जुलाई में आवेदन लिए जाएंगे। इस कदम के साथ विलंब से चल रहा बीटीसी का सत्र पटरी पर आ जाएगा। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए बेसिक टीचर्स सर्टिफिकेट यानी बीटीसी करना अनिवार्य है। इधर बड़ी संख्या में युवाओं की भर्ती परिषदीय विद्यालयों में हुई है इसलिए युवा यह प्रशिक्षण पाने को प्रयासरत हैं।