अमृतसर। पाकिस्तान से लगे पंजाब के सीमावर्ती इलाके में आज हजारों परिवार
युद्ध जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं जबकि न तो गोलीबारी हो रही है, न
चेतावनी के सायरन बज रहे हैं और न लडाकू विमान बम गिरा रहे हैं।
पंजाब के सीमावर्ती जिलों तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, पठानकोट
और फाजिल्का के करीब चार लाख लोगों को उनके घर से निकालकर सुरक्षित जगह पर
भेजा गया है।
भारतीय सेना द्वारा गुरूवार की रात नियंत्रण रेखा के पार
सर्जिकल स्ट्राइक करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढने पर
अधिकारियों ने इन सीमावर्ती जिलों के करीब 1000 गांवों को खाली करने का
आदेश दिया है।
अमृतसर जिले के किसान सार्दुल सिंह ने कहा,हमने काफी सामान और गृहस्थी की
चीजें अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली पर लाद ली हैं। अभी तक तय नहीं किया है कि हम
कहां जाएंगे, लेकिन जाना पडेगा। हम उम्मीद करते हैं कि यह स्थिति जल्द
समाप्त हो जाएगी। अगले दस दिन में खेत में खडी फसल कटने के लिए तैयार हो
जाएगी।