Punjab election 2017- आज से निकलेगी भाजपा की रथयात्रा
khaskhabar.com: गुरुवार, 29 दिसम्बर 2016 11:43 AM (IST)
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में अकालियों के भरोसे चुनाव लडऩे वाली भारतीय जनता पार्टी अपनी मुठठी भर सीटों पर प्रचार की शुरुआत करने जा रही है। प्रचार की शुरुआत पंजाब भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला के नेतृत्व में हुसैनीवाला से होगी। भाजपा की यह विजय संकल्प यात्रा उन 23 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी जो सीटें भाजपा को गठबंधन के बाद मिली है। इस यात्रा की एक ओर प्रमुख बात है वह रथ जिस पर यात्रा निकलने जा रही है।
यह रथ पूर्व में दो यात्राओं का साक्षी बन चुका है। इस रथ का उपयोगा राजनाथ सिंह ने वर्ष 2006 में बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत सुरक्षा यात्रा में किया था। प्रदेश भाजपा सचिव विनीत जोशी ने बताया कि इस रथ का उपयोग राजस्थान की मुख्यमंत्री विजय राजे सिंधिया ने भी अपने यहां विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए किया था। इसके बाद से रथ पार्टी के दिल्ली मुख्यालय में ही खड़ा था। उन्होंने बताया कि यह रथ यात्रा हुसैनीवाला में सुबह शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि भेंट करने के बाद शुरू होगी।