Bikaner District Hospital, Makes History : First Successful Complex Skin Grafting, Major Surgeries Increase Eightfold in Two Years-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीकानेर जिला अस्पताल ने रचा इतिहास : पहली बार जटिल 'स्किन ग्राफ्टिंग' में मिली सफलता, दो साल में आठ गुना बढ़े मेजर ऑपरेशंस

khaskhabar.com: रविवार, 18 जनवरी 2026 2:48 PM (IST)
बीकानेर जिला अस्पताल ने रचा इतिहास : पहली बार जटिल 'स्किन ग्राफ्टिंग' में मिली सफलता, दो साल में आठ गुना बढ़े मेजर ऑपरेशंस
बीकानेर। बीकानेर का एसडीएम जिला अस्पताल अब चिकित्सा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। अस्पताल के सर्जरी विभाग में डॉ. योगेश साध और उनकी टीम ने पहली बार एक जटिल 'स्प्लिट थिकनेस स्किन ग्राफ्टिंग' (त्वचा प्रत्यारोपण) को सफलतापूर्वक अंजाम देकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता न केवल अस्पताल के सर्जरी विभाग के लिए मील का पत्थर है, बल्कि यह जिला अस्पताल की बेहतर होती सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी प्रमाण है। सर्जरी विभाग के जनरल सर्जन डॉ. योगेश साध ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बेणीसर बारी निवासी सोमेश थानवी के दाएं हाथ में चोट लगने के बाद संक्रमण इतना बढ़ गया था कि वहां मवाद और सेल्यूलाइटिस की गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी। मरीज को अस्पताल में भर्ती कर पहले खराब टिश्यू हटाए गए, लेकिन घाव काफी बड़ा होने के कारण सामान्य रिकवरी संभव नहीं थी। ऐसी स्थिति में टीम ने स्किन ग्राफ्टिंग का साहसिक निर्णय लिया और मरीज की दाईं जांघ से त्वचा लेकर उसके हाथ के घाव पर सफल प्रत्यारोपण किया। इस जटिल प्रक्रिया में निश्चेतन विभाग के डॉ. गौरव जोशी और ओटी स्टाफ शिवम, संतोष व इंद्रजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में मरीज की हालत स्थिर है और उसकी नियमित ड्रेसिंग की जा रही है।
अस्पताल की इस प्रगति पर खुशी जताते हुए अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने बताया कि पिछले दो वर्षों में ऑपरेशन थियेटर में सुविधाओं और उपकरणों के विस्तार से मेजर केसेज में अभूतपूर्व आठ गुना बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, साल 2023 में जहां मेजर ऑपरेशंस की संख्या महज 125 थी, वह 2025 में बढ़कर 1046 तक पहुंच गई है।
इसी तरह माइनर केसेज में भी 60 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल में सामान्य सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, गायनिक और आंखों के ऑपरेशंस की संख्या बढ़ने से पीबीएम अस्पताल के कार्यभार में बड़ी कमी आई है और शहरवासियों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित उपचार मिलना शुरू हो गया है। यह उल्लेखनीय प्रगति जिला अस्पताल में पिछले दो वर्षों से चल रहे निरंतर विकास कार्यों और सुदृढ़ होती चिकित्सा व्यवस्था का ही परिणाम है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement