These dietary mistakes can harm children health; parents should change these habits today.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बच्चों की सेहत बिगाड़ सकती हैं खानपान से जुड़ी ये गलतियां, माता-पिता आज ही बदलें ये आदतें

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 10:53 AM (IST)
बच्चों की सेहत बिगाड़ सकती हैं खानपान से जुड़ी ये गलतियां, माता-पिता आज ही बदलें ये आदतें
नई दिल्ली । बच्चों की अच्छी सेहत सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं करती कि वे दिनभर में कितना खाना खाते हैं, बल्कि यह भी मायने रखता है कि उनकी थाली में क्या-क्या शामिल है और खाने का तरीका कैसा है। बचपन में शरीर तेजी से बढ़ता है। इस दौरान हड्डियों, मांसपेशियों और दिमाग के विकास के लिए कई तरह के पोषक तत्वों की जरूरत होती है। ऐसे में माता-पिता की जिम्मेदारी केवल बच्चों का पेट भरना नहीं, बल्कि उन्हें बचपन से ही सही खानपान की आदतें सिखाना भी है। इस कड़ी में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) बच्चों के शुरुआती सालों में संतुलित भोजन, अलग-अलग खाद्य पदार्थ और उम्र के अनुसार खाने की सलाह देता है। रात में दूध- छोटे बच्चों को दूध देना उनकी पोषण संबंधी जरूरतों का अहम हिस्सा है, लेकिन दूध पिलाने का समय और तरीका भी उतना ही जरूरी है। कई माता-पिता बच्चों को दूध की बोतल देकर सुला देते हैं। ऐसा करने से दांतों में सड़न और कैविटी का खतरा बढ़ता है। दूध में मौजूद प्राकृतिक शर्करा भी लंबे समय तक दांतों के संपर्क में रहने पर नुकसान पहुंचा सकती है। बेहतर है कि सोने से पहले दूध पिलाने के बाद बच्चे के दांत साफ किए जाएं।
सब्जियां- सब्जियों में फाइबर, विटामिन और मिनरल्स होते हैं, जो पाचन और शरीर के विकास में मदद करते हैं। गाजर, खीरा और टमाटर जैसी सब्जियां उम्र के अनुसार सुरक्षित तरीके से काटकर दी जा सकती हैं, जबकि दूसरी सब्जियों को हल्का पकाकर देना बेहतर हो सकता है। छोटे बच्चों को सब्जियों का जूस और स्मूदी रोजाना देना सही विकल्प नहीं है, क्योंकि इससे खाने की सामान्य आदत और चबाने की प्रैक्टिस पर असर पड़ता है।
पौष्टिक स्नैक्स- बच्चों को दिन में तीन बार खाना खिलाने के अलावा उनकी भूख और उम्र के हिसाब से बीच में कुछ पौष्टिक चीजें देना भी अच्छा रहता है। खेलकूद और दूसरी गतिविधियों में बच्चों की एनर्जी खर्च होती है। ऐसे में फल, दही, घर में बना पोहा, दलिया या अच्छी तरह तैयार किए गए सूखे मेवे जैसी चीजें दी जा सकती हैं। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, 6 से 23 महीने के बच्चों को उम्र के मुताबिक मुख्य भोजन के साथ जरूरत पड़ने पर एक से दो पौष्टिक स्नैक्स दिए जा सकते हैं। बच्चों को खाना खिलाते समय उनकी भूख और पेट भरने के संकेतों का भी ध्यान रखना चाहिए।
मीठी चीजें- बच्चों को चॉकलेट, मिठाई, बिस्कुट और केक जैसी चीजें काफी पसंद आती हैं। लेकिन इन चीजों का ज्यादा सेवन दांतों की समस्या और जरूरत से ज्यादा वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। इसलिए शुरुआत से ही बच्चों को बहुत ज्यादा मीठा खाने की आदत नहीं डालनी चाहिए। घर में बनी खीर या हलवा कभी-कभार सीमित मात्रा में दिया जा सकता है, लेकिन इन्हें रोजाना के भोजन का जरूरी हिस्सा बनाने की जरूरत नहीं है।
पानी पीने की आदत -पानी शरीर के सामान्य कामकाज, पाचन और शरीर का तापमान संतुलित रखने के लिए जरूरी है। बच्चे खेलते समय या मोबाइल और टीवी देखने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि उन्हें प्यास का ध्यान ही नहीं रहता। ऐसे में माता-पिता को समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। घर से बाहर खेलते समय भी उनके पास साफ पानी होना चाहिए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement