श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर पी.सी.किशन ने कहा कि सादुलशहर पंचायत समिति के गांव चक केरा में राजकीय भूमि पर अटल सेवा केन्द्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर ने चक केरा में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजकीय स्कूल के समीप राजकीय भूमि जो स्कूल के अलावा शेष है, उस भूमि पर अटल सेवा केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्माणाधीन शौचालयों की प्रगति की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से कहा कि हर घर में साफ-सुथरा शौचालय होना चाहिए। ग्रामीण आपस में मिलकर गांव की गलियां की सफाई करें। गांव साफ होगा तो यहां के निवासी निरोगी रहेंगे। शिविर में एसडीएम रेणु छिम्पा, तहसीलदार मानसिंह, विकास अधिकारी भंवरलाल शर्मा, पेयजल विभाग के अधीक्षण अभियंता ताराचंद राजदीप, सरपंच मंजू देवी, पंचायत समिति सदस्य नरेन्द्र कौर सहित ग्रामीण उपस्थित थे।