धौलपुर। जिले की निहालगंज थाना पुलिस ने फर्जी पेंशन प्रकरण मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पंचायत समिति में फर्जी तरीके से 314 लोगों की पेंशन स्वीकृत कर दी गई थी। आरोपी एक व्यक्ति की फर्जी तरीके से पेंशन स्वीकृत करने के लिए 3 हजार रुपए वसूल करते थे।
थाना प्रभारी परशुराम शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति धौलपुर के विकास अधिकारी लखन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक अप्रैल 2016 से 31 अगस्त 2016 तक पंचायत समिति कार्यालय से कुल 632 लोगों की पेंशन स्वीकृत की गई। इनमें से 314 लोगों की वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा पेंशन संविदा पर कार्यालय में लगे कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू कुशवाह पुत्र करनसिंह निवासी शिवनगर पोखरा धौलपुर ने फर्जी तरीके से स्वीकृत की है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी शिव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले के खुलासे के बाद पंचायत समिति कार्यालय में भी हडक़ंप मचा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सोनू सहित चार आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था। फर्जी पेंशन प्रकरण में राज्य सरकार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।