जैसलमेर। राज्य स्तरीय सब जूनियर 16 वर्ष की आयु के खिलाडिय़ों की क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को इंदिरा इंडोर स्टेडियम में स्थित क्रिकेट ग्राउंड में किया गया। भरतपुर व बीकानेर के बीच मैच में भरतपुर ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। भरतपुर की टीम 111 पर ऑलआउट हो गई। जिसमें गौरव चौधरी ने 31, पुनीत ने 18 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीकानेर की टीम ने 16.4 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिसमें राहुल हर्ष ने 31 व मोहम्मद नासिर ने नाबाद 66 रन का योगदान दिया।
उसके बाद मेजबान जैसलमेर व हनुमानगढ़ के बीच मैच खेला गया। जिसमें जैसलमेर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिन के 60 व साकेत के 42 रन की बदौलत 141 रन बनाए। जसवंतसिंह ने 24 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी हनुमानगढ़ की टीम ने 2 विकेट खोकर उज्ज्वल के 50 रन नाबाद व प्रतीक कुमार के 34 रन नाबाद की बदौलत 8 विकेट से मैच जीत लिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश व्यास ने बताया कि सुबह 9 बजे प्रारंभ हुए मैच के दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी और मैच रैफरी सुधीर मोबार, आरसीए उपाध्यक्ष विमल शर्मा, जोधपुर के सचिव अशोक गहलोत ने खिलाडिय़ों से परिचयन प्राप्त कर टॉस करवाया। इस अवसर पर नरेश भाटिया, कृष्ण गोपाल सोनी, अंपायर उत्पल सैन, श्यामल सैन, अमित शर्मा, भंवरसिंह व स्कोरर विजय वैष्णव, वसीम खान, मदनसिंह राजमथाई, विनर शर्मा व एडवोकेट जहांगीर मलिक उपस्थित थे।