ACB major operation in Bikaner : BDO caught red-handed accepting a bribe -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीकानेर में एसीबी का बड़ा धमाका : 8 लाख 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते बीडीओ रंगे हाथों ट्रैप

khaskhabar.com: शुक्रवार, 25 सितम्बर 2026 7:20 PM (IST)
बीकानेर में एसीबी का बड़ा धमाका : 8 लाख 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते बीडीओ रंगे हाथों ट्रैप
एसीबी डीआईजी नारायण टोगस के नेतृत्व में हुई कार्रवाई; सरकारी काम के बदले मांगी थी मोटी घूस जयपुर/बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को बीकानेर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) को भारी-भरकम रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथ ट्रैप कर लिया है। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों और पंचायती राज विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देश में एसीबी डीआईजी नारायण टोगस के सीधे नेतृत्व में अंजाम दी गई इस कार्रवाई के दौरान बीडीओ को 8 लाख 14 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।
बिल भुगतान व विभागीय स्वीकृति के एवज में मांगी थी घूस
एसीबी मुख्यालय को शिकायत प्राप्त हुई थी कि आरोपी बीडीओ द्वारा पंचायत समितियों और विकास कार्यों से जुड़े बिलों के भुगतान, पत्रावलियों को आगे बढ़ाने व विभिन्न विभागीय स्वीकृतियां जारी करने के बदले लगातार मोटी घूस राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराए जाने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही परिवादी से आरोपी बीडीओ ने 8 लाख 14 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, डीआईजी नारायण टोगस के निर्देशन में मुस्तैद एसीबी टीम ने दबिश देकर आरोपी को रिश्वत के रुपयों सहित दबोच लिया।
आवास व अन्य ठिकानों पर सर्च जारी
कार्रवाई के तुरंत बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी अधिकारी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। इसके साथ ही आरोपी के सरकारी आवास, कार्यालय और अन्य ठिकानों पर एसीबी की टीमों द्वारा गहन तलाशी (सर्च कार्रवाई) शुरू कर दी गई है, ताकि काली कमाई और अवैध संपत्तियों के दस्तावेजों का पता लगाया जा सके।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement