Advertisement
आरती डोगरा का सख्त संदेश : बिजली सेवाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं, उपभोक्ताओं को मिले निर्बाध आपूर्ति

डिस्कॉम चेयरमैन ने लंबित बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं एवं नियमित बिल जमा नहीं करने वालों के कनेक्शन तुरंत प्रभाव से काटने के निर्देश दिए। स्मार्ट मीटर केवल निगम कर्मचारी की उपस्थिति में लगाए जाएं तथा संबंधित अभियंता स्वयं जाकर साइट का निरीक्षण करें ताकि मीटर की शुद्धता और सत्यापन सुनिश्चित हो सके। सिस्टम में छेड़छाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की चेतावनी दी गई।
डोगरा ने वीसीआर की संख्या बढ़ाने, 11 केवी फीडरों पर बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या के स्थायी समाधान, मीटरिंग में गड़बड़ी, सिस्टम से छेड़छाड़ और फर्जी ट्रांसफार्मर पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नियंत्रण कक्ष में कार्यरत कार्मिकों से कहा कि उपभोक्ताओं के फोन तत्काल अटेंड कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आपूर्ति में व्यवधान आने पर तत्काल सुधार कार्य कराया जा सके।
डिस्कॉम्स चेयरमैन ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली, किसानों को समय पर कृषि कनेक्शन, खरीफ सीजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता शिकायतों के संवेदनशील समाधान, कुसुम, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली, आरडीएसएस समेत अन्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर देने को कहा।
मानसून के मद्देनजर अधीक्षण अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि किसी भी जीएसएस में पानी जमा न हो और विद्युत उपकरणों, ट्रांसफार्मरों एवं खंभों को क्षति से बचाया जाए। जरूरत पड़ने पर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप विद्युत आपूर्ति बंद करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान डोगरा ने धौलपुर शहरी एवं ग्रामीण उपखंड कार्यालयों का दौरा भी किया। इस दौरान शहरी सहायक अभियंता की अनुपस्थिति पर गहरा असंतोष जताते हुए, उनकी कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए। 33/11 केवी जीएसएस सैंपऊ के निरीक्षण में अर्थिंग सुधारने, सीटी/पीटी सेट लगाने और जम्पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान न आए।
अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि वे सक्रिय एवं जिम्मेदार रहकर कार्य करें, ताकि आमजन को बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर अधिशाषी अभियन्ता विवेक चंद शर्मा सहित उपखंडों के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
धौलपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


