A special inspection campaign continued late into the night on the Bhilwara Bypass-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भीलवाड़ा बाइपास पर देर रात तक चला विशेष जांच अभियान, 8 लग्जरी बसों की जांच, 1 बस सीज, 4 के कटे चालान

khaskhabar.com: बुधवार, 15 जुलाई 2026 4:20 PM (IST)
भीलवाड़ा बाइपास पर देर रात तक चला विशेष जांच अभियान, 8 लग्जरी बसों की जांच, 1 बस सीज, 4 के कटे चालान
भीलवाड़ा। यात्रियों की सुरक्षित एवं नियमसम्मत यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात तक भीलवाड़ा बाइपास हाईवे पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान लग्जरी एवं स्लीपर बसों की सघन जांच कर सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने कुल 8 लग्जरी बसों की जांच की। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक बस को सीज कर दिया गया, जबकि विभिन्न नियमों के उल्लंघन के मामले में चार बसों के विरुद्ध कुल ₹54,200 के चालान बनाए गए। यह कार्रवाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य के निर्देशन में की गई। अभियान में परिवहन निरीक्षक मनीष कुमार, कैलाश कंवर शक्तावत, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
जांच के दौरान बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार किट, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। एक बस में गंभीर नियम उल्लंघन मिलने पर उसे मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि अन्य चार बसों में कमियां पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जिन बसों के दस्तावेज और सुरक्षा मानक सही पाए गए, उन्हें यात्रियों सहित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं सीज की गई बस के यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित बस ऑपरेटर को तत्काल वैकल्पिक बस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। दूसरी बस की व्यवस्था होने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा बाइपास सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर बिना पूर्व सूचना के नियमित जांच की जाएगी, ताकि परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, अनुशासित और नियमसम्मत बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement