Qualcomm begins layoffs in India; approximately 1,000 employees will be affected-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

क्वालकॉम ने भारत में छंटनी शुरू की; करीब 1,000 कर्मचारियों पर होगा असर

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 12:08 PM (IST)
क्वालकॉम ने भारत में छंटनी शुरू की; करीब 1,000 कर्मचारियों पर होगा असर
नई दिल्ली । अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी क्वालकॉम ने वैश्विक स्तर पर कर्मचारियों की संख्या में कटौती के अपने व्यापक कार्यक्रम के तहत भारत में भी कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रक्रिया से करीब 1,000 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं, जो देश में कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 5-6 प्रतिशत है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि छंटनी की शुरुआत क्वालकॉम के बेंगलुरु स्थित कार्यालय से हुई है। इससे मुख्य रूप से वरिष्ठ इंजीनियर और कई वर्षों का अनुभव रखने वाले कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस पुनर्गठन का असर हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई स्थित कंपनी के इंजीनियरिंग एवं रिसर्च केंद्रों पर भी पड़ सकता है।
प्रभावित कर्मचारियों को तीन महीने के वेतन के बराबर सेवरेंस पे (छंटनी मुआवजा) दिया गया है। इसके अलावा, उनकी कंपनी में सेवा अवधि के आधार पर अतिरिक्त मुआवजा भी दिया गया है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि जो कर्मचारी तीन दिनों के भीतर अपने एग्जिट दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देंगे, उन्हें प्रोत्साहन के तौर पर एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने की पेशकश भी की गई है।
हालांकि, क्वालकॉम ने सेवरेंस पे से जुड़ी इन व्यवस्थाओं की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
क्वालकॉम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टियानो एमोन ने 20 अक्टूबर को वैश्विक स्तर पर कर्मचारियों के पुनर्गठन की घोषणा की थी। कंपनी अपनी वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा प्रक्रिया के बाद कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने जा रही है।
कंपनी ने इस प्रक्रिया को प्रदर्शन पर केंद्रित बताते हुए कहा था कि इसका उद्देश्य जवाबदेही मजबूत करना और बदलती कारोबारी प्राथमिकताओं के अनुरूप कर्मचारियों की संख्या और कार्यबल को व्यवस्थित करना है।
हालांकि, भारत में वरिष्ठ इंजीनियरों और अनुभवी कर्मचारियों की छंटनी की खबरों से यह चिंता बढ़ गई है कि इस कदम का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ लागत में कटौती करना भी हो सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्मचारियों का चयन उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन मूल्यांकन, टीम के स्तर पर आकलन और वरिष्ठ प्रबंधन की राय के आधार पर किया जा सकता है। इसमें अमेरिका स्थित कंपनी के कारोबारी नेतृत्व की राय भी शामिल हो सकती है।
कर्मचारियों ने रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ), ब्लूटूथ, वाई-फाई और ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) इंजीनियरिंग टीमों में भी संभावित कटौती की जानकारी दी है।
क्वालकॉम के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान देने वाला वैश्विक स्मार्टफोन बाजार दबाव में है। इसके चलते कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा सेंटर से जुड़े सेमीकंडक्टर कारोबार में विविधता लाने की कोशिश कर रही है।
वर्ष 2026 में वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों में छंटनी की रफ्तार तेज हो रही है। पहली तिमाही में ही 80,000 से अधिक नौकरियां खत्म की जा चुकी हैं और इस साल कुल छंटनी का आंकड़ा 3 लाख से अधिक होने की आशंका है। इस छंटनी में ओरेकल, अमेजन और मेटा जैसी कंपनियां आगे हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement