Operation Chakravyuh: Female Drug Smugglers ₹1 Crore House Frozen-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऑपरेशन चक्रव्यूह: महिला नशा तस्कर का 1 करोड़ का मकान फ्रीज

khaskhabar.com: बुधवार, 19 अगस्त 2026 8:16 PM (IST)
ऑपरेशन चक्रव्यूह: महिला नशा तस्कर का 1 करोड़ का मकान फ्रीज
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हनुमानगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और तस्करों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के निकटतम सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में थानाधिकारी हनुमानगढ़ टाउन लखवीर सिंह की टीम ने शातिर महिला नशा तस्कर जैबा बीबी का चक 11 आरपी स्थित ₹1 करोड़ अनुमानित कीमत का रिहायशी मकान एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया है।
पूरा परिवार नशा तस्करी के रैकेट में शामिल:
एसपी आदित्य ने बताया कि आरोपिया जैबा बीबी (60) पत्नी काले खां निवासी चक 11 आरपी लखुवाली हेड, हनुमानगढ़ टाउन अव्वल दर्जे की नशा तस्कर है। आरोपिया के दो बेटे इरफान खान उर्फ फान और अरबाज हनुमानगढ़ टाउन थाने के हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हैं, जिनके खिलाफ 3 दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही पुलिस ने इरफान का भी ₹1 करोड़ का मकान फ्रीज किया था।
आरोपिया का तीसरा बेटा सलमान और बेटी रुकसाना उर्फ निक्की भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।

मामले का विवरण व वित्तीय जांच:
14 जून 2026 को हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने आरोपी गुरतेज सिंह उर्फ फौजी के पास से 5.91 ग्राम हेरोइन बरामद कर प्रकरण दर्ज किया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि आरोपी गुरतेज सिंह, जैबा बीबी के साथ मिलकर नशा तस्करी का सिंडिकेट चलाता है। इस पर पुलिस ने सह-आरोपिया जैबा बीबी को गिरफ्तार किया।
वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपिया का कोई वैध आय स्रोत नहीं है और उसने लंबे समय से तस्करी के पैसों से 8160 वर्गफुट का यह विशाल मकान बनाया था। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत सक्षम प्राधिकारी के आदेशानुसार मकान को फ्रीज करने की वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसपी आदित्य ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से काली कमाई कर संपत्ति अर्जित करने वाले तस्करों को चिन्हित कर उनकी संपत्तियों को फ्रीज व जब्त करने की कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement