khaskhabar.com: सोमवार, 16 जनवरी 2017 1:08 PM (IST)
धौलपुर। जिले के बाड़ी थाना इलाके में गुटखा नहीं लाना एक युवक को भारी पड़ गया। यहां कुछ आरोपियों ने सिर्फ गुटखा नहीं लाकर देने की बात पर युवक की हत्या कर दी। मामला बाड़ी थाना इलाके के हथियापोर मोहल्ले का हैं। जहां नकसौदा गांव निवासी मनरूप अपने भाई अनार सिंह के साथ किराए के मकान में रहता था। बीती रात को सात लोग उसके कमरे पर आए और मनरूप से गुटखा लाने की बात कही। मनरूप ने उन लोगों से दो हजार का नोट होने की बात कह कर मना कर दिया। इसी बात को लेकर उन लोगों ने मनरूप पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मनरूप गंभीर घायल हो गया। उसे मोहल्ले के लोगो ने बाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे धौलपुर के लिए रेफर कर दिया। धौलपुर उपचार के लिए ले जाते समय मनरूप की रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।