रायपुर। छत्तीसगढ़ में महानदी परियोजना की मुख्य नहर की मांढर शाखा नहर के जरिए लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय कर एक गांव में पानी पहुंच गया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए इस वर्ष गर्मियों में तालाबों को नहरों के जरिए सिंचाई जलाशयों के पानी से भरने के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान के उत्साहजनक नतीजे देखे जा रहे हैं।
राज्य में यह शायद पहली बार है, जब किसी गांव के तालाब में सिंचाई बांध का पानी पहुंचने पर गांव के लोगों ने उत्सव मनाकर उसका स्वागत किया। यह प्रसंग रायपुर जिले के ग्राम बकतरा (विकासखड अभनपुर) का है, जहां रविशंकर जलाशय (गंगेरल बांध) का पानी महानदी परियोजना की मुख्य नहर की मांढर शाखा नहर के जरिए लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय कर शुक्रवार को गांव पहुंच गया। वहां के सूखे तालाब को इस पानी से सचमुच नया जीवन मिल गया।