The Purple Beauty of Space: NASA Reveals a Glimpse of the Star-Filled Pinwheel Galaxy-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Aug 10, 2026 5:21 pm
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्पेस में बैंगनी रंग की खूबसूरती, नासा ने दिखाई तारों से भरी 'पिनव्हील गैलेक्सी' की झलक

khaskhabar.com: शुक्रवार, 15 मई 2026 11:35 AM (IST)
स्पेस में बैंगनी रंग की खूबसूरती, नासा ने दिखाई तारों से भरी 'पिनव्हील गैलेक्सी' की झलक
नई दिल्ली । स्पेस की दुनिया जितनी रहस्यमयी है, उतनी ही खूबसूरत भी। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने स्पेस की बैंगनी रंग की अनोखी खूबसूरती का शानदार नजारा साझा किया है। इस तस्वीर में दिख रही है पिनव्हील गैलेक्सी, जिसे वैज्ञानिक मेसियर 101 यानी एम-101 भी कहते हैं। यह गैलेक्सी एक ट्रिलियन यानी एक हजार अरब से भी ज्यादा तारों से भरी हुई है और बेहद आकर्षक बैंगनी रंग में नजर आ रही है।नासा के चंद्रा एक्स-रे ऑब्जरवेटरी द्वारा ली गई इस तस्वीर में अन्य टेलीस्कोपों का डेटा भी शामिल किया गया है। गैलेक्सी बैंगनी और गुलाबी रंग की इसलिए दिख रही है क्योंकि चंद्रा के एक्स-रे डेटा को इन रंगों में दिखाया गया है। दृश्य प्रकाश और इन्फ्रारेड तरंगदैर्ध्य को अलग-अलग रंगों में मिलाकर वैज्ञानिकों ने यह कंपोजिट इमेज तैयार की है। इससे गैलेक्सी के अंदर चल रही गतिविधियों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तस्वीरों को पोस्ट करते हुए नासा ने बताया, ऐसी कंपोजिट तस्वीरें वैज्ञानिकों को गैलेक्सी के अंदर तारों के जन्म, ऊर्जा और विकास की प्रक्रिया समझने में बड़ी मदद करती हैं। पिन व्हील गैलेक्सी सक्रिय स्टार फॉर्मेशन वाले क्षेत्रों के लिए भी जानी जाती है। यह खूबसूरत तस्वीर ब्रह्मांड की विशाल, रंगीन और रहस्यमयी झलक दिखाता है।
पिनव्हील गैलेक्सी एक सर्पिल आकार की गैलेक्सी है। यह पृथ्वी से लगभग 21 से 25 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। इसकी चौड़ाई 1,70,000 प्रकाश वर्ष है, जो मिल्की वे गैलेक्सी से लगभग दोगुनी है। इसकी सर्पिल भुजाओं में गैस और धूल के विशाल बादल हैं, जहां नए तारे बन रहे हैं। गर्म और नीले तारे इन भुजाओं को और भी चमकदार बनाते हैं।
यह गैलेक्सी उत्तरी गोलार्ध में उरसा मेजर तारामंडल यानी 'बिग डिपर' के पास स्थित है। अगर आसमान साफ और अंधेरा हो तो छोटे टेलीस्कोप या दूरबीन से इसे देखा जा सकता है। पिन व्हील गैलेक्सी की खोज 1781 में पियरे मेचैन ने की थी, जो चार्ल्स मेसियर के सहयोगी थे। इसकी आभासी चमक 7.9 है। यानी ये रात में धुंधली दिखाई देती है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement