Rishi Chintan: Do self-study - increase knowledge-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 6:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: स्वाध्याय करें - ज्ञान बढ़ाएं

khaskhabar.com: गुरुवार, 09 नवम्बर 2023 12:41 PM (IST)
मानव जीवन में सुख की वृद्धि करने के उपायों में "स्वाध्याय" एक प्रमुख उपाय है। स्वाध्याय से ज्ञान की वृद्धि होती है; मन में महानता, आचरण में पवित्रता तथा आत्मा में प्रकाश आता है "स्वाध्याय" के अभाव में पढ़ी हुई विद्या भी विस्मृत हो जाती है, तब नूतन ज्ञान प्राप्त करने का प्रश्न ही नहीं उठता ! कहीं भी और कभी भी देखा जा सकता है कि कक्षा पास कर लेने और उपाधि पा लेने के बाद जो विद्यार्थी, वकील अथवा डॉक्टर आदि अपना स्वाध्याय बंद कर देते हैं, वे आगे चलकर सफल नहीं हो पाते । संसार की विचारधारा को मोड़ देने वाले लेखक अथवा पत्रकार प्रतिदिन अनेक घंटों स्वाध्याय में लगाते हैं। जो स्वाध्यायशील रहता है उसका ज्ञान आधुनिक और विद्या जाग्रत रहती है। प्रतिदिन कुछ न कुछ पढ़ते रहने वाले अपने ज्ञान-कोष में बूँद-बूँद इकट्ठा करके उसे अक्षय बना लिया करते हैं। जीवन को सफल, उच्च एवं पवित्र बनाने के लिए "स्वाध्याय" की बड़ी आवश्यकता है। किसी भी ऐसे व्यक्ति का जीवन क्यों न देख लिया जाए, जिसने उच्चता के सोपानों पर चरण रखा है। उसके जीवन में स्वाध्याय को विशेष स्थान मिला होगा। "स्वाध्याय" के अभाव में कोई भी व्यक्ति महान अथवा ज्ञानवान नहीं बन सकता। प्रतिदिन नियमपूर्वक सद्ग्रंथों का अध्ययन करते रहने से बुद्धि तीव्र होती है, विवेक बढ़ता है और अंत:करण की शुद्धि होती है। इसका स्वस्थ एवं व्यावहारिक कारण है, वह यह कि सद्ग्रंथों के अध्ययन करते समय मन उनमें रमा रहता है और ग्रंथ के सद्वाक्य उस पर संस्कार डालते रहते हैं। "स्वाध्याय" द्वारा अंत:करण के निर्मल हो जाने पर मनुष्य के बाह्य- अंतर पट खुल जाते हैं, जिससे वह आत्मा द्वारा परमात्मा को पहचानने के लिए जिज्ञासु हो उठता है। मनुष्य की यह जिज्ञासा भी स्वाध्याय से निरंतर बढ़ती एवं बलवती होती रहती है और एक दिन ऐसा आता है कि वह उसका साक्षात्कार करने का प्रयास करता है और कर भी लेता है। परमात्मा के इस पावन साक्षात्कार का उपाय तथा मार्ग का भी "स्वाध्याय" से ही पता चलता है। इस प्रकार नित्य-प्रति का स्वाध्याय मनुष्य को उसके चरम लक्ष्य तक पहुँचा देने में बड़ी सहायता करता है। स्वाध्यायशील व्यक्ति का जीवन अपेक्षाकृत अधिक पवित्र हो जाता है। ग्रंथों में सन्निहित सद्वाणी तो अपना प्रभाव एवं संस्कार डालती ही है, साथ ही अध्ययन में रुचिमान होने से व्यक्ति अपना शेष समय पढ़ने में ही लगाता है। वह या तो अपने कमरे में बैठा हुआ एकांत अध्ययन किया करता है अथवा किसी पुस्तकालय अथवा वाचनालय में पुस्तकों के साथ संलग्न रहता है। उसके पास ऐसा कोई भी फालतू समय नहीं रहता जिसमें जाकर इधर-उधर बैठे अथवा घूमे और फिर वायुमंडल अथवा संगति से अवांछित संस्कार ग्रहण करे। जब मनुष्य निरर्थकों की संगति में न जाकर जीवनोपयोगी सत्साहित्य के अध्ययन में ही संलग्न रहेगा तो उसका आचार आप ही शुद्ध हो जाएगा। स्वाध्याय में प्रमाद न करें- पृष्ठ-03 पं. श्रीराम शर्मा आचार्य

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement