Second Test, Day 3: Golden Chance for Pakistan to Win the Series; Sri Lanka Lose 9 Wickets in Second Innings-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन: पाकिस्तान के पास सीरीज जीतने का 'गोल्डन चांस', दूसरी पारी में श्रीलंका ने गंवाए 9 विकेट

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 6:17 PM (IST)
दूसरा टेस्ट, तीसरा दिन: पाकिस्तान के पास सीरीज जीतने का 'गोल्डन चांस', दूसरी पारी में श्रीलंका ने गंवाए 9 विकेट
रावलपिंडी। पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे और निर्णायक मुकाबले में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी के आधार पर 227 रन विशाल बढ़त हासिल करने के बाद पाकिस्तान ने तीसरे दिन की समाप्ति तक मेहमान टीम की दूसरी पारी में 9 विकेट झटक लिए हैं। यहां से श्रीलंका के पास महज 82 रन की बढ़त है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। मेहमान टीम की पहली पारी महज 35.3 ओवर में 98 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही श्रीलंका ने रावलपिंडी में टेस्ट क्रिकेट की किसी एक टेस्ट पारी में सबसे कम स्कोर का 'अनचाहा रिकॉर्ड' अपने नाम कर लिया। श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 6 के स्कोर पर पसिंदु सोरियाबंदरा (2) पवेलियन लौट गए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम ने 36 रन तक अपने 5 बल्लेबाज गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में कुसल मेंडिस और सोनल दिनुषा ने छठे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी करते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने स्कोर 85 रन तक पहुंचाया, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही श्रीलंका की पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 13 रन जुड़ सके।
पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अब्बास, रजाउल्लाह और आमेर जमाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, साकिब खान को एक विकेट मिला।
श्रीलंका के 98 रन के जवाब में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 325 रन का स्कोर खड़ा किया। इस तरह मेजबान टीम को पहली पारी के आधार पर 227 रन की अहम बढ़त मिली। पाकिस्तान की ओर से अजान ओवैस (47) और तैय्यब आरिफ (46) ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। तैय्यब ने अपनी पारी में 6 चौके लगाए। हालांकि, शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई और 121 रन तक उसके 4 विकेट गिर गए।
इसके बाद सऊद शकील (24) और साकिब खान (37) ने पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करते हुए स्कोर 178 तक पहुंचाया। निचले क्रम में गाजी घोरी ने जिम्मेदारी संभाली और 54 रन की पारी खेलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने रजाउल्लाह (42) के साथ नौवें विकेट के लिए 56 रन की उपयोगी साझेदारी भी की।
श्रीलंका की तरफ से लाहिरु कुमारा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए। असिथा फर्नांडो को 3 सफलताएं मिलीं, जबकि मिलन प्रियानाथ रत्नायके और प्रभात जयसूर्या ने 1-1 विकेट हासिल किया।
दबाव में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने महज 39 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद पसिंदु सोरियाबंदरा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कामिंदु मेंडिस (16) के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की, जिसके बाद कप्तान कुसल मेंडिस के साथ 35 रन जोड़े। पसिंदु 3 चौकों के साथ 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद कुसल मेंडिस (53) ने सोनल दिनुषा (54) के साथ छठे विकेट के लिए 81 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचाया, जिसके बाद मिलन रत्नायके ने मोर्चा संभाला। दिन की समाप्ति तक रत्नायके 11 चौकों के साथ 60 रन बनाकर नाबाद हैं। मेजबान टीम से आमेर जमाल सर्वाधिक 3 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि मोहम्मद अब्बास और रजाउल्लाह ने 2-2 विकेट चटकाए हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement