Advertisement
हरियाणा में महिला पत्रकारों को महिला दिवस पर किया सम्मानित

टाइम्स ऑफ इंडिया से वरिष्ठ पत्रकार शिमोना कंवर ने स्वीकार किया कि कई बार हम पत्रकार एक नई स्टोरी के उत्साह में बहुत अधिक संवेदनहीन हो जाते हैं लेकिन एक महिला पत्रकार ही एक नई स्टोरी एवं संवेदना में सामंजस्य बना सकती है।
द ट्रिब्यून की ब्यूरो चीफ गीतांजलि गायत्री ने बताया कि किस तरह से उनकी स्टोरी से जरूरत मंद इंसानों को समाज की मदद मिलती है। इसलिए समाज में महिलाओं को अपनी आवाज हमेशा बुलंद रखनी चाहिए।
दैनिक भास्कर की वरिष्ठ पत्रकार शायदा बानो ने अपने अनुभव बांटते हुए कहा कि चुनौतियां तो जीवन के हर क्षेत्र में हैं लेकिन पत्रकारिता की चुनौतियां कई बार बहुत सुकून भी प्रदान करती हैं। परिवार और व्यवसाय में सामंजस्य बनाना यहां अधिक कठिन है। पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियों की शिकायत भी संभव नहीं है। उन्होंने अपनी एक स्टोरी स्ट्रेचर नं. 1, 2, 3 के माध्यम से बताया कि किस तरह से दो लावारिस मरीजों को पिंगलबाड़ा एनजीओ ने अपनाया और लगभग दो साल बाद यह मरीज ठीक होकर अपने परिवार से मिल सके। यह ऐसे अनुभव हैं जो आपको अपने व्यवसाय के प्रति समर्पित होने का सुफल प्रदान करते हैं। ऐसी स्टोरी के माध्यम से संभवतः अज्ञात सत्ता किसी न किसी रूप में आकर इंसानियत की मदद करती है।
वरिष्ठ पत्रकार बलवंत तक्षक ने कहा कि पत्रकारिता ऐसा व्यवसाय है जहां न तो महिला पत्रकार और न ही पुरुष पत्रकार संवेदनशील रह पाते हैं। लीड खबर का इंतजार उन्हें असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा पर ले जाता है। लेकिन आजकल सॉफ्ट खबरें भी लीड में दिखाई देती हैं। उन्होंने इस अवसर पर कभी थकती नहीं पत्नी कविता के माध्यम से महिलाओं की विशेष भूमिका को रेखांकित किया।
उर्दू पत्रकार लीली स्वर्ण ने अपने अनुभवों के साथ-साथ जस्ट अ वूमेन कविता के माध्यम से नारी जीवन के विभिन्न पक्षों को चित्रित किया। इस अवसर पर रेड एफएम से मेघा कुमारी, पंजाब केसरी से अर्चना सेठी और जनसत्ता से समाचार संपादक वंदना बत्रा ने भी अपने अनुभव साझा किए।
हरियाणा स्वास्थ्य सेवाओं की महानिदेशक डॉ. सोनिया त्रिखा खुल्लर ने कहा कि मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मुझे प्रतिष्ठित एवं चर्चित महिला पत्रकारों से रू-ब-रू होने का अवसर प्राप्त हुआ है। अकादमी द्वारा सम्मानित होने वाली ये महिला पत्रकार चंडीगढ़ और पंचकूला स्थित विभिन्न समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। मीडिया एवं पत्रकारिता के जटिल व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों के बारे में उनके विचित्र अनुभव हमें अपने समाज का आईना दिखाते हैं वहीं आने वाले युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के अंत में अकादमी निदेशक डॉ. चन्द्र त्रिखा ने समारोह में पधारे सभी अतिथियों, पत्रकार बन्धुओं एवं लेखकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जीवन में कुछ लम्हें ऐसे होते हैं जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। अकादमी द्वारा आयोजित आज का यह सम्मेलन भी ऐसे ही लम्हों के रूप में सहेजा जाएगा। सफल एवं प्रभावी पत्रकारिता व्यक्ति की सृजनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा की समृद्धि पर निर्भर करती है। इसलिए साहित्य और पत्रकारिता को एक दूसरे का पूरक कहा जाता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
पंचकुला़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


