बारां। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी से निर्देशानुसार प्रदेशभर में 9 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग बारां द्वारा भी जिला मुख्यालय पर बाबा साहब की 126वीं जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर उनके द्वारा देश, गरीब, दलित के लिए किए गए कार्यों को याद कर उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला जाएगा।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, बारां के शहर अध्यक्ष हरिराम ऐरवाल ने बताया कि 9 अप्रैल को सुबह 11 बजे जगजीवनराम कालोनी, मधुवन रिसोर्ट रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर प्रांगण में जिला स्तरीय कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया रहेंगे। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल करेंगे। विशिष्ट अतिथि नगर परिषद सभापति प्रेमशंकर सांखला, पूर्व सभापति कैलाश पारस, राजेन्द्र भूमल्या, कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य सत्यनारायण भूमल्या, उप सभापति कमल राठौर रहेंगे। अनुसूचित जाति विभाग के संभाग कन्वीनर एवं पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत मुख्य वक्ता रहेंगे।