War cry in Kuchaman : Masses take to the streets against gangsters threats-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कुचामन में रणभेरी : गैंगस्टरों की धमकी के खिलाफ सड़क पर उतरा जन-सैलाब, बाजार बंद, पुलिस थाने का घेराव—दहशतगर्दों का इलाज करो या कुर्सी छोड़ो

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026 2:14 PM (IST)
कुचामन में रणभेरी : गैंगस्टरों की धमकी के खिलाफ सड़क पर उतरा जन-सैलाब, बाजार बंद, पुलिस थाने का घेराव—दहशतगर्दों का इलाज करो या कुर्सी छोड़ो
कुचामन (नागौर)। राजस्थान की कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ आज कुचामन की जनता का सब्र टूट गया। भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को पुलिस सुरक्षा के बावजूद मिली 'मौत की धमकी' के विरोध में आज पूरा शहर छावनी में तब्दील हो गया है। व्यापारिक महासंघ के आह्वान पर 'कुचामन बंद' ऐतिहासिक रहा, जहाँ व्यापारियों ने स्वेच्छा से शटर गिराकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। "तेरे लक्षण मरने के हैं"— गोदारा के गुर्गे की सरेआम ललकार कुचामन के फिजाओं में इस वक्त खौफ से ज्यादा गुस्सा है। रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे वीरेंद्र चारण ने जिस तरह सरेआम ऑडियो भेजकर कहा कि "तेरे लक्षण पूरे मरने के हैं" और "दो दिन बाद मार देंगे", उसने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। पलाड़ा को यह धमकी तब दी गई जब उनके साथ पुलिस के दो गनमैन तैनात थे। अपराधी का यह दुस्साहस सवाल खड़ा करता है कि राजस्थान में राज किसका है— पुलिस का या गैंगस्टरों का?
कनोई पार्क में जुटा 'सर्व समाज', थाने के घेराव की तैयारी
सुबह से ही कनोई पार्क में लोगों का हुजूम जुटना शुरू हो गया। सर्व समाज की इस विशाल आम सभा में स्थानीय नेताओं और व्यापारियों ने एक स्वर में पुलिस की 'सुस्त' कार्यप्रणाली को कोसा।
ऐतिहासिक बंद : शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गलियों तक की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं।
बड़ी रैली: आम सभा के बाद हजारों की संख्या में लोग रैली निकालकर पुलिस थाने का घेराव करने कूच कर चुके हैं। भीड़ का साफ कहना है कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, अपराधी की गिरफ्तारी चाहिए।
फिरौती का खेल और मौत का तांडव
आरोप है कि वीरेंद्र चारण लगातार विजय सिंह पलाड़ा से फिरौती की मांग कर रहा है। धमकी में रमेश रुलानिया के कत्ल का जिक्र कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। कुचामन की जनता पूछ रही है कि जब भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जैसे जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की जान की कीमत क्या है?
बैकफुट पर प्रशासन, छावनी बना शहर
जनता के इस उग्र रूप को देखते हुए भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। एसपी और अन्य आला अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन आक्रोशित भीड़ पुलिस थाने के बाहर डटी हुई है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जब तक धमकी देने वाले बदमाशों का नेटवर्क ध्वस्त नहीं होता और उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन थमेगा नहीं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement