धर्मशाला। उपमंडलाधिकारी धर्मशाला श्रवण मांटा ने कहा कि 5 मई तक उपमंडल में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। चार दिवसीय अभियान के तहत गांवों के स्तर पर स्वच्छता को बढ़ावा देने, खुला शौच मुक्त की स्थिति को स्थायित्व देने और लोगों को व्यक्तिगत व सार्वजनिक स्वच्छता को जीवन शैली के रूप में अपनाने के लिये प्रेरित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को स्वच्छता के बारे में जागरूक करने के लिये 4 मई को चित्रकला, नारा लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएगी। वे विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर बुलाई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मांटा ने कहा कि मंगलवार से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ हो गया है। इस दिन विभिन्न विभागों के अधिकारियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य संस्थाओं के सहयोग से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जायेगी।
एसडीएम ने बताया कि 3 मई को पंचायती राज प्रतिनिधियों, युवक व महिला मंडलों, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग व स्थानीय लोगों के सहयोग से पेयजल स्त्रोतों की साफ-सफाई की जायेगी तथा शैक्षणिक संस्थानों के पेयजल भण्डारण टैंकों की स्वच्छता पर बल दिया जायेगा। 4 मई को स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओें द्वारा घर-घर जाकर गृहणियों को स्वच्छता के बारे जागरूक किया जायेगा। स्कूलोें में बच्चों के स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाये जायेंगे और स्कूल परिसरों की साफ-सफाई की जायेगी। 5 मई को स्वच्छता व खुला में शौच मुक्त स्थिति को बनाये रखने के लिये नई तकनीकों के शौचलायों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिये लोगों को जागरूक किया जायेगा तथा प्रवासी मजदूरों के लिये सामुदायिक शौचालयों के लिये भूमि चिन्हित की जायेगी। इसके साथ ही पंचायत भवनों, सामुदायिक व सरकारी भवनों तथा अन्य स्थलों की साफ सफाई की जायेगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।