नूहं। नोटबंदी की वजह कहें या फिर बढ़ते अपराध। इन दिनों नूंह जिले में बैंक चोरी की वारदातों में अचानक वृद्धि देखने को मिली है। नूंह स्थित इलाहाबाद बैंक तथा भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय की दीवार तोडक़र चोरी की असफल कोशिश को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि मालब गांव में गुरुग्राम -अलवर मार्ग पर स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा में चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया है। चोरों ने आर्य समाज मंदिर के प्रांगण की तरफ बैंक की खिडक़ी को तोडक़र बैंक में प्रवेश किया।
जींस पेंट और महंगे कपड़े पहनने वाले चोर की हरकत को सीसीटीवी कैमरे ने कैद कर लिया। शातिर दिमाग चोर ने बैंक में अंदर जाते ही सबसे पहले इनवर्टर की बटन दबाई। इसके बाद चोरों की हरकत सीसीटीवी की जद से भी बाहर हो गई। चोर स्ट्रांग रूम में भी गए और एक अलमारी के कुछ पेच खोलकर नोट निकालने की कोशिश की ,लेकिन काफी कुछ तलाशने के बाद भी चोर खाली हाथ लौट गए ,लेकिन चोरों ने भगवान के घर सनातन धर्म मंदिर के दान पेटी को उठा लिया। उसमें जो भी उन्हें मिला उसे ले गए।
आज सुबह जब करीब आठ बजे बैंक के सुरक्षाकर्मी हीरालाल ने आकर देखा तो उसने मैनेजर करनैल सिंह को सुचना दी। मैनेजर ने आला बैंक अधिकारियों से लेकर आकेड़ा चौकी में इसकी खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और शिकायत पर अमल शुरू कर दिया है। पुलिस चोरों को जल्द पकडऩे की बात कह रही है। बैंक मैनेजर करनैल सिंह के मुताबिक वह शाखा के उपर बने मंदिर के कमरे में रहते हैं। बीती रात वह जरुरी काम से घर गए थे। गनीमत रही कि अगर वह रात्रि के समय वहां होते तो जानमाल का नुकसान भी हो सकता था।