-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

‘हत्यारे रोबोट’: घातक स्वायत्त हथियारों पर क़ानूनी बन्दिशों की दरकार

Source: UN News: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
‘हत्यारे रोबोट’: घातक स्वायत्त हथियारों पर क़ानूनी बन्दिशों की दरकार
किसी इनसान की ज़िन्दगी और मौत का फ़ैसला मशीनें करें, यह अब महज़ कल्पना नहीं रह गई है. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के तेज़ी से विकास के साथ ऐसे घातक हथियारों का इस्तेमाल बढ़ने की आशंका है, जो मानवीय हस्तक्षेप के बिना निशाना चुनकर हमला कर सकते हैं. इन्हें अक्सर ‘हत्यारे रोबोट’ कहा जाता है. इन हथियारों पर लगाम लगाने के लिए सोमवार को जिनीवा में अन्तरराष्ट्रीय वार्ता शुरू हुई. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने 120 से अधिक सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से इस तेज़ी से विकसित होती तकनीक पर नियंत्रण के लिए क़ानूनी रूप से बाध्यकारी समझौते की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया. उन्होंने समझौते में स्पष्ट रोक व पाबन्दियों के प्रावधान शामिल करने पर बल दिया.कुछ पारम्परिक हथियारों पर कन्वेंशन के सातवें समीक्षा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए महासचिव ने कहा कि युद्ध की भी सीमाएँ होती हैं और अब युद्ध का स्वरूप बदल रहा है.उन्होंने कहा, “स्वायत्त हथियार प्रणालियों समेत नई प्रौद्योगिकियाँ, मानवीय, क़ानूनी, नैतिक और सुरक्षा सम्बन्धी नई चुनौतियाँ खड़ी कर रही हैं.”“मैं आपसे आग्रह करता हूँ कि इस अवसर का लाभ उठाएँ और इन निर्मम हथियारों के इस्तेमाल व प्रसार को रोकने के लिए कार्रवाई करें.”महासचिव ने अपने वीडियो सन्देश में ज़ोर दिया कि युद्ध के ख़ून-ख़राबे और तबाही से आम नागरिकों की रक्षा करने और अनावश्यक पीड़ा रोकने के प्रयास कभी थमने नहीं चाहिए. Crown Copyright अफ़ग़ानिस्तान में एक मानवरहित हवाई वाहन. मशीनों के हाथों में जीवन-मृत्यु का फ़ैसला नहींइससे पहले, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने शुक्रवार को देशों से ऐसी अन्तरराष्ट्रीय सन्धि पर जल्द सहमति बनाने की अपील की थी.हालाँकि, इन हथियारों पर नियंत्रण को लेकर सभी देश एकमत नहीं हैं. दिसम्बर 2023 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर स्पष्ट किया था कि घातक स्वायत्त हथियारों पर भी युद्ध के नियम लागू होते हैं. प्रस्ताव के पक्ष में 152 और विरोध में चार देशों ने मतदान किया था, जबकि 11 देशों ने मतदान से परहेज़ किया.मानवाधिकार उच्चायुक्त ने एक वक्तव्य में चिन्ता जताई कि तकनीक के तेज़ी से विकास के कारण स्वायत्त हथियार जल्द ही बड़े पैमाने पर उपलब्ध हो सकते हैं.वोल्कर टर्क ने कहा, “किसी मशीन के पास कभी यह तय करने की शक्ति नहीं होनी चाहिए कि कोई इनसान जीवित रहेगा या मारा जाएगा.”उन्होंने ऐसे स्वायत्त हथियारों पर प्रतिबन्ध लगाने की अपील की, जो ख़ुद इनसानों को निशाना बनाते हैं. साथ ही, ऐसे हथियारों पर भी रोक लगाने की माँग की, जिनकी कार्यप्रणाली और प्रभाव को इनसान पूरी तरह समझ नहीं सकते, उनका पूर्वानुमान या व्याख्या नहीं कर सकते अथवा उन्हें नियंत्रित नहीं कर सकते.उच्चायुक्त ने ज़ोर दिया कि बल प्रयोग से जुड़े निर्णयों के केन्द्र में मानवीय विवेक और जवाबदेही होनी चाहिए.मशीनें न तो मानव जीवन का मूल्य समझ सकती हैं, न इनसानों की तरह परिस्थितियों का आकलन कर सकती हैं और न ही अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के अनुरूप जटिल निर्णय ले सकती हैं. कन्वेंशन की भूमिकापिछले 40 से अधिक वर्षों में कुछ पारम्परिक हथियारों पर कन्वेंशन के तहत बारूदी सुरंगों, देसी विस्फोटक उपकरणों (आईईडी), आग लगाने वाले हथियारों और युद्ध के विस्फोटक अवशेषों से होने वाली मानवीय पीड़ा को कम करने के लिए आम सहमति बनाई गई है.हालाँकि, घातक स्वायत्त हथियारों पर नए समझौते के स्वरूप, उसकी क़ानूनी बाध्यता और समयसीमा को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है.सम्मेलन में बारूदी सुरंगों के मानवीय प्रभावों और युद्ध के उन नए तरीक़ों पर भी चर्चा होने की सम्भावना है, जो मौजूदा अन्तरराष्ट्रीय समझौतों के दायरे में नहीं आते.इन चर्चाओं का आयोजन संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण मामलों के कार्यालय (UNODA) द्वारा किया जा रहा है.यह कन्वेंशन अन्तरराष्ट्रीय निरस्त्रीकरण प्रयासों का एक प्रमुख स्तम्भ है. अब तक 128 देश इसमें शामिल होकर इसके क़ानूनी दायित्वों को स्वीकार कर चुके हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement